छत्तीसगढ़ में 3600 रुपए क्विंटल बिकेगा धान, विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस सरकार का मास्टर स्ट्रोक

तीस फीसदी MSP बढ़ने के हिसाब से सरकार के अगले कार्यकाल में किसानों को मिलने वाली धान की कीमत 3600 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच जाएगी। किसानों को इसका लाभ अगले साल से मिलने लगेगा।

Updated: Sep 07, 2023, 05:11 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार किसान, नौजवान, मजदूर और गृहणियों के लिए एक से बढ़कर एक योजनाएं संचालित कर रही है। पिछले पांच वर्षों में सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश में काफी विकास हुआ है। राज्य जब एक बार फिर विधानसभा चुनाव में जाने वाला है, ईससे पहले कांग्रेस सरकार ने किसानों से बड़ा वादा करते हुए कहा कि अगले साल तक किसानों को धान की कीमत 3600 रुपए प्रति क्विंटल दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से पहले मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि प्रदेश में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तब किसानों को 3600 रु. प्रति क्विंटल धान की कीमत मिलेगी। तीस फीसदी MSP बढ़ने के हिसाब से सरकार के अगले कार्यकाल में किसानों को मिलने वाली धान की कीमत 3600 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच जाएगी। किसानों को इसका लाभ अगले साल से मिलने लगेगा।

चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश के किसान मिलकर फिर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। किसानों की मदद से कांग्रेस 75 का आंकड़ा पार कर दिखाएगी। राज्य सरकार पहले ही समर्थन मूल्य के साथ राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत प्रति क्विंटल नौ हजार रुपए की सब्सिडी दे रही है। इसके चलते ही प्रदेश के किसानों को धान की भरपूर कीमत मिल रही है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने इस साल 2800 रुपये धान का मूल्य देने की घोषणा की है। जो केंद्र सरकार के MSP बढ़ाने या फिर राज्य सरकार को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि बढ़ाने से संभव होगा। अभी तक राज्य सरकार 2640 रुपये में धान खरीद रही है। इसमें 2040 समर्थन मूल्य और 600 रुपये प्रोत्साहन राशि है।