ग्वालियर में 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर गैंगरेप, नशीला पदार्थ पिलाकर दो युवकों ने की जबरदस्ती

ग्वालियर में 19 वर्षीय युवती के अपहरण और गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने अल्कापुरी चौराहे से उसे जबरन ऑटो में बैठाया और नशीला पानी पिलाकर बेहोश किया और जबरदस्ती की।

Updated: Aug 09, 2026, 09:12 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 19 वर्षीय युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि 4 अगस्त की सुबह अल्कापुरी चौराहे के पास दो युवकों ने उसे जबरन ऑटो में बैठाया और पानी में नशीली दवा मिलाकर पिला दी। इसके बाद बेहोशी की हालत में दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर युवती खुद को बेला की बावड़ी इलाके में झाड़ियों के बीच पाया।

पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। युवती महाराज बाड़े जाने के लिए घर से निकली थी। अल्कापुरी चौराहे के पास छोटू खान ऑटो लेकर उसके पास पहुंचा और उसे ऑटो में बैठने के लिए कहा। युवती ने मना किया तो छोटू खान ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान ऑटो में पीछे बैठे नरेश कुशवाह ने उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन उसे ऑटो में खींचकर बैठा लिया।

युवती के अनुसार, ऑटो में बैठाने के बाद दोनों युवकों ने उसके साथ अभद्रता की। आरोप है कि दोनों ने उसे बोतल से जबरन पानी पिलाया। युवती को शक है कि पानी में नींद या नशे की कोई दवा मिलाई गई थी। पानी पीने के कुछ समय बाद वह बेहोश हो गई। युवती ने आरोप लगाया कि उसकी बेहोशी की स्थिति का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ गलत काम किया।

करीब शाम 4 बजे युवती को होश आया तो उसने खुद को बेला की बावड़ी क्षेत्र में झाड़ियों के बीच पाया। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। जबकि, उसके कुछ कपड़े पास में पड़े हुए थे। उसने कपड़े पहने और वहां मौजूद एक महिला से इलाके के बारे में जानकारी ली। महिला ने उसे बताया कि वह बेला की बावड़ी में है। इसके बाद युवती ने आसपास के लोगों से मदद मांगी और परिजनों तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी।

शिकायत दर्ज कराने के दौरान युवती को तीन थानों के चक्कर लगाने पड़े। वह सबसे पहले गिरवाई थाने पहुंची लेकिन वहां महिला अधिकारी के मौजूद नहीं होने की बात कहकर उसे दूसरे थाने जाने के लिए कहा गया। इसके बाद परिजन उसे माधौगंज थाने लेकर पहुंचे। वहां महिला अधिकारी की मौजूदगी में युवती की शिकायत सुनी गई और शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई।

घटना की शुरुआत विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अल्कापुरी चौराहे से होने के कारण मामले की केस डायरी विश्वविद्यालय थाने भेजी गई। केस डायरी मिलने के बाद शनिवार को विश्वविद्यालय पुलिस ने छोटू खान और नरेश कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

विश्वविद्यालय थाना टीआई रविंद्र कुमार जाटव ने बताया कि केस डायरी प्राप्त होते ही दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें भी गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।