पाकिस्तानी एजेंट के हनीट्रैप में फंसा एयरफोर्स का विंग कमांडर, सीक्रेट डिटेल्स लीक करने के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तानी महिला ने सोशल मीडिया के जरिए अधिकारी से संपर्क किया और वीडियो कॉल व अन्य डिजिटल माध्यमों से हनीट्रैप किया।
नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी को सैन्य जानकारी शेयर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तानी महिला ने सोशल मीडिया के जरिए अधिकारी से संपर्क किया और वीडियो कॉल व अन्य डिजिटल माध्यमों से हनीट्रैप किया।
अधिकारी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और 30 मई को गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद 30 जुलाई को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। महिला के पाकिस्तान स्थित खुफिया अधिकारियों के लिए काम करने का शक है।
पुलिस ने शनिवार (8 अगस्त 2026) को यह जानकारी दी और कहा कि भारतीय वायुसेना की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी महिला एजेंट ने आरोपी अधिकारी को सोशल मीडिया के जरिये अपने जाल में फंसाया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अधिकारी ने कथित तौर पर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा की थी। यह जांच जासूसी के एक संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ी है, जिसमें आरोपी अधिकारी से सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला ने कथित तौर पर संपर्क किया था। सूत्रों के अनुसार, महिला ने अधिकारी से संपर्क स्थापित करने के बाद वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों से उससे बातचीत की। उन्होंने बताया कि संदेह है कि महिला पाकिस्तान में मौजूद खुफिया एजेंटों के निर्देश पर काम कर रही थी।




