छत्तीसगढ़ में पुलिस नक्सली मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों का किया खात्मा
सुकमा के जंगलों में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया, 6-7 नक्सलियों के घायल होने की खबर, मारे गए नक्सली की पहचान 5 लाख के इनामी नक्सली कोंटा एरिया LOS कमांडर कावासी हुंगा के रूप में हुई

सुकमा। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने सुकमा के नक्सल प्रभावित इलाके गोमपाड़ और कन्हैयागुड़ा के जंगलों में 2 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए एक नक्सली पर 5 लाख का इनाम रखा था। इस नक्सली की पहचान कोंटा एरिया LOS कमांडर कावासी हुंगा (ACM रैंक) के रुप में हुई है। पुलिस ने वहां से बड़ी संख्या में नक्सली हथियार, विस्फोटक और नक्सली उपयोग का सामान और नक्सली साहित्य बरामद किया है। इस मुठभेड़ की पुष्टि सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने की है।
मंगलवार सुबह नक्सलियों ने सुकमा के जंगलों में सर्चिंग कर रही पुलिस टीम पर हमला किया था। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों पर फायरिंग की। जिसमें दो नक्सलियों को ढेर किया गया है। सुरक्षा बलों ने दोनों नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया है। इस एनकाउंटर में 6-7 नक्सलियों के घायल होने की खबर है। जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
दरअसल सुकमा पुलिस को खबर मिली थी कि गोमपाड़ और कन्हैयागुड़ा के जंगलों में नक्सलियों का मूवमेंट बढ़ा है। जिसके बाद सोमवार देर रात DRG और CRPF की 217 बटालियन और कोबरा 202 बटालियन को रवाना किया गया। मंगलवार की सुबह सर्चिंग के दौरान नक्सलियों ने जवानों को देखकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की।