सड़े अंडे, खराब दूध और एक्सपायरी फूड की शिकायतों पर FSSAI सख्त, स्विगी इंस्टामार्ट को भेजे 9 नोटिस

FSSAI ने सड़े अंडे, खराब दूध और एक्सपायरी फूड की शिकायतों पर Swiggy Instamart को 9 नोटिस थमाए हैं। नियामक ने वेंडर चेकिंग में भी भारी खामियां पाई हैं।

Updated: Jul 11, 2026, 06:25 PM IST

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने ग्राहकों को सड़े अंडे, खराब दूध, एक्सपायरी पैक्ड फूड और अन्य असुरक्षित खाद्य उत्पाद डिलीवर किए जाने की शिकायतों के बाद क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट को नौ नोटिस जारी किए हैं। नियामक ने कंपनी से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण और विस्तृत कम्प्लायंस रिपोर्ट मांगी है। तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

FSSAI के अनुसार, उसे ग्राहकों से खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें मिली थी। इनमें एक मामला बच्चों के लिए बनाए गए खाद्य उत्पाद से जुड़ा था। जिसे खराब और असुरक्षित स्थिति में डिलीवर किया गया था। जांच में सामने आया कि उत्पाद के रखरखाव और स्टोरेज में भी गंभीर लापरवाही बरती गई थी। इतना ही नहीं ग्राहक द्वारा उत्पाद लौटाने के बाद कथित तौर पर वही खराब सामान दोबारा सप्लाई किए जाने की भी शिकायत दर्ज हुई थी। इसके अलावा कई उपभोक्ताओं ने सड़े अंडे, खराब दूध और क्षतिग्रस्त पैकेजिंग वाले खाद्य उत्पाद मिलने की जानकारी दी थी।

यह भी पढ़ें:वियतनाम में पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत, 21 लोगों को बचाया गया

जांच के दौरान FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट के विक्रेता सत्यापन (Vendor Verification) और ऑनबोर्डिंग सिस्टम में भी कई खामियां पाई। कई फूड बिजनेस ऑपरेटर ऐसे मिले जिनके FSSAI लाइसेंस नंबर गलत, अमान्य या उपलब्ध ही नहीं थे। कुछ विक्रेताओं को ऐसे नामों से प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध किया गया था जो उनके आधिकारिक FSSAI पंजीकरण से मेल नहीं खाते थे। नियामक का कहना है कि ऐसी अनियमितताओं से खाद्य उत्पादों की ट्रेसिबिलिटी और गुणवत्ता की निगरानी प्रभावित होती है।

FSSAI ने यह भी कहा कि कई ग्राहकों ने शिकायत दर्ज कराने के बाद प्लेटफॉर्म की प्रतिक्रिया पर असंतोष जताया। आरोप है कि गंभीर खाद्य सुरक्षा मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल रिफंड देकर मामला समाप्त करने की कोशिश की गई। नियामक के अनुसार, यह स्थिति शिकायत निवारण प्रणाली और फूड सेफ्टी कम्प्लायंस तंत्र में मौजूद कमियों को दर्शाती है।

यह भी पढ़ें:दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस में परोसी गई एक्सपायरी ब्रेड, फूड पॉइजनिंग की आशंका से मचा हड़कंप

फूड रेगुलेटर ने इन नौ नोटिसों की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए बताया कि कार्रवाई ग्राहकों की शिकायतों के साथ-साथ स्वतः संज्ञान के आधार पर भी की गई है। FSSAI ने स्पष्ट किया कि हाल के महीनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले कई फूड बिजनेस ऑपरेटरों, एनर्जी ड्रिंक निर्माताओं, शराब कंपनियों, फूड ब्रांड्स और अन्य क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है।

नियामक ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उन्हें एक्सपायरी, खराब या असुरक्षित खाद्य उत्पाद मिलते हैं तो वे केवल रिफंड लेकर मामला खत्म न करें। ऐसे मामलों की शिकायत फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप या नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज करें। ऐसा इसलिए क्योंकि इस तरह के खाद्य उत्पाद स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।

यह भी पढ़ें:MP में 15 हजार पुलिसकर्मियों पर मंडराया डिमोशन का खतरा, पांढुर्णा में 32 हेड कॉन्स्टेबल वापस बने आरक्षक

भारत में स्विगी इंस्टामार्ट, ब्लिंकिट और जैप्टो जैसे प्लेटफॉर्म्स के चलते क्विक कॉमर्स बाजार तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि तेज डिलीवरी की होड़ में डार्क स्टोर्स पर गुणवत्ता जांच, तापमान नियंत्रण और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है जिस पर सख्त निगरानी की जरूरत है।