BJP में घोषणा के बाद टिकट बदलने की कोई परंपरा नहीं, दतिया में नरोत्तम समर्थकों के हंगामे पर बोले कैलाश विजयवर्गीय

नरोत्तम मिश्रा समर्थकों के हंगामे के बीच शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

Updated: Jul 11, 2026, 01:53 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। यहां से भाजपा ने आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। शुक्रवार शाम प्रत्याशी का ऐलान होते ही एमपी के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए। उन्होंने हाइवे जाम कर हिंसक विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ शुरू कर दिया।

हाइवे पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ से रोकने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने पुलिस पर पथराव भी किया। इस दौरान दतिया एसपी, SDOP समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बवाल बढ़ता देख शनिवार सुबह प्रशासन ने पूरे जिले में BNSS की धारा 163 लागू कर दी। इसके तहत बिना अनुमति किसी भी सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन और सार्वजनिक आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्‌ठा होने पर भी रोक लगा दी गई है।

नरोत्तम मिश्रा दतिया उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी का ऐलान होने के बाद पहली बार सामने आए है। अपना टिकट कटने के बाद उन्होंने पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है। वहीं, कैलाश विजयवर्गीय ने स्पष्ट किया कि टिकट में बदलाव नहीं होगा। उन्होंने मीडिया से कहा, 'पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। प्रदेश में 230 सीट हैं और हर बार 2000 लोग टिकट की दावेदारी करते हैं, पर सबको टिकट मिलता नहीं है। बीजेपी में एक बार घोषणा के बाद उम्मीदवार बदलने की परंपरा नहीं रही है। इसलिए आशुतोष तिवारी चुनाव लड़ेंगे और भारी मतों से विजयी होंगे।'

वहीं, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दतिया विधानसभा के चुनाव को लेकर जो निर्णय हुआ है, वह भारतीय जनता पार्टी का निर्णय है। हम सभी उस निर्णय को शिरोधार्य करते हैं। संगठन हमारे लिए सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता संगठन के निर्णय का सम्मान करेंगे। यदि किसी भी प्रकार का कोई विषय है तो उसका निराकरण पार्टी स्तर पर बैठकर किया जाएगा।

दतिया पहुंचे भाजपा प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि नाराज कार्यकर्ताओं से बातचीत की गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी मतभेद दूर हो जाएंगे और स्थिति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से चर्चा हुई है। जल्द ही सब ठीक हो जाएगा। प्रदर्शन भी समाप्त हो जाएगा। पार्टी लगातार कार्यकर्ताओं से संवाद कर माहौल सामान्य बनाने का प्रयास कर रही है।