कांग्रेस ने वापस दिलाया छत्तीसगढ़ की जनता को उसका सम्मान, बस्तर में बीजेपी पर गरजीं प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बीजेपी ने राज्य की जनता को पंद्रह वर्षों तक ठगा लेकिन कांग्रेस की सरकार आने के बाद राज्य में बदलाव की बयार बही है

Updated: Apr 13, 2023, 04:30 PM IST

रायपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ के अपने एकदिवसीय दौरे पर राज्य की पूर्वर्ती बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी ने पंद्रह वर्षों तक राज्य की जनता को ठगा लेकिन राज्य में कांग्रेस की सरकार ने लोगों को एक बार फिर उम्मीदों से भर दिया है। 

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि आपने इससे पहले पंद्रह वर्षो तक बीजेपी पर भरोसा किया लेकिन उन्होंने आपके साथ विश्वासघात किया। यहां पर सिर्फ़ डर का माहौल था राज्य में चारों तरफ़ भुखमरी और भ्रष्टाचार था। आपकी ज़मीन छीन ली गई। 

प्रियंका गांधी ने बीजेपी के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि बीजेपी ने आपको आत्मनिर्भर नहीं बल्कि निर्भर बनाया। आप लोगों को ऐसी योजनाएं नहीं दी गईं जोकि आपको आत्मनिर्भर बना सके। बीजेपी ने आपके आत्मविश्वास पर कुठाराघात किया। कांग्रेस की सरकार ने आपके आत्मसम्मान को दोबारा स्थापित किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि भले ही वह बस्तर पहली बार आई हैं लेकिन बचपन से ही वह बस्तर और यहां के लोगों के संघर्ष के बारे में सुनती आई हैं। 

सीएम भूपेश बघेल ने भरोसे के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में जब बीजेपी की सरकार थी तब बस्तर के बाहर के लोग बस्तर आने और छत्तीसगढ़ के बाहर के लोग छत्तीसगढ़ आने से डरते थे क्योंकि यहां पर नक्सलियों का ख़ौफ़ था। बीजेपी की सरकार में निर्दोष आदिवासियों को नक्सली बताकर जेल भेजा गया। 

बस्तर में आज कांग्रेस ने भरोसे का सम्मेलन आयोजित किया था। जिसमें 129 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि खुद सीएम बघेल राज्य में कांग्रेस की वापसी को लेकर आश्वस्त नज़र आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि बीजेपी के कार्यकर्ता खुद यही चाहते हैं कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आए क्योंकि कांग्रेस की सरकार न रहने पर उन्हें विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा इसलिए बीजेपी के नेता भी कांग्रेस को ही वोट करेंगे।