उज्जैन में वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान हादसा, दम घुटने से चार मजदूरों की मौत

उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।

Updated: Nov 01, 2026, 12:55 PM IST

उज्जैन। उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की जान चली गई। सफाई के लिए अंदर उतरे चारों कर्मचारी चैंबर में फंस गए थे। उन्हें बचाने पहुंचे दो अन्य लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

घटना रात के समय हुई जब होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई का काम चल रहा था। इस दौरान चार लोग अंदर चले गए लेकिन बाहर नहीं निकल सके। घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

चैंबर का गेट खोलने में परेशानी आने पर पुलिस को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई। इसकी मदद से गेट काटकर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया गया। चैंबर के फर्श पर अत्यधिक फिसलन होने के कारण बचाव अभियान में भी दिक्कतें आई थी।

करीब डेढ़ घंटे की कोशिशों के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उनकी जान बचाने के लिए दो मिनट से अधिक समय तक सीपीआर (CPR) दिया लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद, मनोज मीणा और वाहिद के रूप में हुई है। घटना के बाद पांचवां सफाईकर्मी हेमराज भी चैंबर के अंदर गया था। हालांकि, घबराहट और बेहोशी जैसा महसूस होने पर वह बाहर निकल आया था।

हादसे की जानकारी मिलने पर एसपी शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बचाव दल को आवश्यक निर्देश दिए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे जहां मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। परिजन पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने और शव मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे में चार लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।