Forbes List 2021: महामारी के बीच हर 17वें घंटे में एक नया आदमी बनता रहा अरबपति

प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स ने जारी किया दुनियाभर के अरबपतियों की सूची, महामारी के दौर में भी दुनिया में हर 17वें घंटे बढ़ा एक अरबपति

Updated: Apr 09, 2021, 04:37 PM IST

Photo Courtesy : Istock
Photo Courtesy : Istock

कोरोना काल में दुनियाभर के देशों की अर्थव्यवस्था भले ही रसातल में पहुंच गई हो लेकिन अमीरों की क़िस्मत कुलाँचे भर रही है। एक तरफ जब दुनियाभर के लोग महामारी से आई तबाही से जूझ रहे थे तब दूसरी ओर बड़े पूंजीपतियों की एक नई नस्ल संकट काल में भी अच्छे दिन के मज़े लूट रही थी। अमेरिका की प्रतिष्ठित मैगज़ीन फोर्ब्स ने अपनी एक रिपोर्ट में ऐसी ही हैरान करने वाली जानकारी दी है। फोर्ब्स के मुताबिक कोरोना संकट के दौरान हर 17वें घंटे दुनिया के अरबपतियों की सूची में एक नया नाम जुड़ता जा रहा है।

फोर्ब्स की सालाना सूची में अरबपतियों यानी कि एक अरब डॉलर से ज्यादा की दौलत रखने वाले लोगों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। पत्रिका ने इस साल इस सूची में दुनियाभर के 2 हजार 755 लोगों को शामिल किया है। पिछले साल इस सूची में 600 लोग कम थे। यानी महामारी के दौरान जब सारे उद्योग धंधे और कारोबार ठप थे तब भी 600 नए लोग अरबपति बनने में कामयाब हुए। फॉर्ब्स मैगजीन के संपादक ए डोलान ने कहा है कि महामारी के बावजूद रइस लोगों के लिए यह साल एक रिकॉर्ड की तरह है।

फोर्ब्स की इस लिस्ट के सभी लोगों की दौलत को एक साथ मिला दिया जाए तो यह करीब 13.1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के आसपास है जो पिछले साल के मुकाबले 8 खरब डॉलर ज्यादा है। इतना ही नहीं इस सूची के 86 फीसदी लोगों की आर्थिक स्थिति इस महामारी के दौर में पहले से मजबूत हुई है। फोर्ब्स ने बताया है कि इस सूची में 493 नाम एकदम नए जुड़े हैं। यानी कि औसतन हर 17वें घंटे दुनियाभर के रईसों में महामारी के दौरान एक नए व्यक्ति की एंट्री हो रही थी। 

यह भी पढें: महामारी में अच्छे दिन, दुगनी हुई अदाणी की अमीरी, मुकेश अंबानी और मालामाल

खास बात यह है कि इन नए लोगों में सबसे ज्यादा 210 नाम चीन से है, जहां कोरोना ने सबसे पहले कहर बरपाया था, वहीं दूसरे स्थान पर अमेरिका के 98 लोग शामिल हैं जो कोरोना से सबसे बुरी तरह से प्रभावित देशों में शीर्ष पर है। फोर्ब्स के मुताबिक दुनिया के सबसे रईसों की सूची में टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने जोरदार छलांग लगाई है। वे 31वें स्थान से दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। पहले नंबर पर अब भी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस हैं। 

अरबपतियों की सूची में भारतीयों का भी बोलबाला

दुनियाभर के अरबपतियों की सूची में भारतीय कारोबारी कहीं पीछे नहीं हैं, बल्कि फॉर्ब्स की सूची में भारतीयों का बोलबाला है। इस लिस्ट में अरबपतियों की संख्या के हिसाब से देखा जाए तो भारत विश्व में तीसरे स्थान पर है। पत्रिका ने मशहूर कारोबारी मुकेश अंबानी को एशिया महाद्वीप का सबसे अमीर इंसान घोषित करते हुए वैश्विक लिस्ट में दसवें नंबर पर रखा है। अंबानी ने कोरोना महामारी के बीच 35 अरब डॉलर का फंड जुटाया है।

भारत के दूसरे सबसे अमीर आदमी और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी को दुनियाभर के सबसे अमीरों की सूची में 20वें स्थान पर रखा गया है। प्रधानमंत्री मोदी के करीबी माने जाने वाले गौतम अडानी ने कोरोना संकट काल के दौरान देश के दूसरे सबसे व्यस्त एयरपोर्ट की 74 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। एचसीएल के शिव नाडार 30वें स्थान पर रखा गया है। इसके अलावा लक्ष्मी मित्तल 109वां और पलोनजी मिस्त्री ने 123वां स्थान पर कब्जा जमाने में कामयाबी हासिल की है।