संसद से नरेंदर गायब, देश से सिलेंडर गायब, LPG संकट पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी को घेरा

प्रधानमंत्री कहते हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन वह खुद घबराए हुए लग रहे हैं, बिल्कुल अलग वजहों से। वे एप्स्टीन-अदाणी केस की वजह से पैनिक हैं: राहुल गांधी

Updated: Mar 12, 2026, 02:15 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा में गुरुवार को विपक्षी सांसदों ने देश में सिलेंडर संकट के मुद्दे पर हंगामा किया। सुबह 11 बजे संसद की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व अन्य सांसदों ने 'नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब' के नारे लगाए।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से सदन की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया, लेकिन विपक्ष नहीं माना तो कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। दोबारा कार्यवाही शुरू हुई तो ओम बिरला ने करीब आधे घंटे तक सदन को संबोधित किया। इसके बाद विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

संसद परिसर में राहुल समेत विपक्ष के सांसदों ने सिलेंडर संकट पर प्रदर्शन किया। सांसदों ने 'नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब' के नारे लगाए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मीडियाकर्मियों से कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन वह खुद घबराए हुए लग रहे हैं, बिल्कुल अलग वजहों से। वे एप्स्टीन-अदाणी केस की वजह से पैनिक हैं। आपने कल देखा कि सदन के अंदर प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली थी। वह देश से कह रहे हैं कि घबराएं नहीं, जबकि वह खुद परेशान लग रहे हैं।

राहुल गांघी ने आगे कहा, 'आने वाले समय में ईंधन एक बड़ी समस्या बनने वाला है, क्योंकि हमारी ऊर्जा सुरक्षा प्रभावित हो चुकी है। गलत विदेश नीति के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। अब हमें तैयारी करनी होगी। हमारे पास अभी थोड़ा समय है, इसलिए सरकार और प्रधानमंत्री को तुरंत तैयारी शुरू करनी चाहिए, वरना करोड़ों लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मुझे साफ दिख रहा है कि एक बड़ी समस्या आने वाली है। समस्या यह है कि प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री की तरह काम नहीं कर पा रहे हैं। इसके पीछे भी कारण हैं, वे फंसे हुए हैं।'

LPG की किल्लत को लेकर संसद में चर्चा की मांग भी की गई है। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने स्वयं संसद में चर्चा के लिए नोटिस दिया है। इसपर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि LPG मुद्दे पर सरकार सदन में जवाब देगी। LPG संकट को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने पीएम मोदी से सवाल किया कि क्या आप नालों से गैस निकालकर समस्याएं हल करेंगे? फिर LPG कहां से भरवाएंगे? जो मेडल आप इजरायल से लेकर आए थे, उसका इनाम इस देश की जनता को महंगाई और LPG की कमी के रूप में मिल रहा है।