MP: महिला IAS के फार्म हाउस में चल रहा था जुआ, 13 लाख रुपए से ज्यादा कैश के साथ 18 जुआरी गिरफ्तार

IAS वंदना वैद्य के महू के मानपुर थाना क्षेत्र में स्थित फार्म हाउस में जुआ का यह खेल चल रहा था। वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर की प्रबंध संचालक हैं।

Updated: Mar 11, 2026, 04:45 PM IST

इंदौर। इंदौर जिले के महू क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर की गई। जानकारी के अनुसार जिस फार्म हाउस पर जुआ खेला जा रहा था, वह महिला आईएएस वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर दर्ज है। वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर में प्रबंध संचालक (एमडी) के पद पर पदस्थ हैं।

दरअसल, इंदौर ग्रामीण पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि आवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुआ चल रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और एक टीम बनाकर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस जब फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद मिला लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर दाखिल हुई। वहां बरामदे में कई लोग ताश खेलते हुए दिखाई दिए।

पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करते हुए मौके से 18 लोगों को पकड़ लिया जबकि करीब 6 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है।

डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मौके से 18 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया है जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। वहीं, महिला आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

मामले पर ग्रामीण एसपी इंदौर यांगचेन डोलकर भुटिया ने कहा कि आवलीपुरा गांव में जुए की सूचना पर कार्रवाई की गई। वहां जुआ खेलते हुए लोग पकड़े गए हैं। 24 लोग वहां अलग-अलग जिलों से जुआ खेलने आए थे। फरार लोगों की तलाश जारी है। फार्म हाउस के बारे में हम जानकारी जुटा रहे हैं। गिरफ्तार लोगों में ज्यादातर कारोबारी हैं।