लगातार तीसरे दिन हुई पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोतरी, देश के 26 राज्यों में 100 के पार बिक रहा है तेल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल 111.76 रुपए प्रति लीटर बिक रहे हैं, वहीं डीजल के दाम 100.80 रुपए प्रति लीटर हैं

Publish: Oct 07, 2021, 05:17 AM IST

नई दिल्ली/भोपाल। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की जब पर बहुत बुरा असर डाला है। देश भर में लगातार तीसरे दिन पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ गए हैं। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 30 पैसे प्रति लीटर जबकि डीजल 35 रुपए प्रति लीटर की दर से महंगा हो गया है। दिल्ली में पेट्रोल 103 रुपए जबकि डीजल लगभग 92 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है। 

राजधानी दिल्ली के मुकाबले अन्य राज्यों में महंगाई से हालात और खराब हैं। देश के ज्यादातर लोग राज्यों में पेट्रोल और डीजल सौ रुपए से अधिक दर पर मिल रहे हैं। मध्य प्रदेश, कर्नाटक, जम्मू कश्मीर बिहार सहित कुल 26 राज्य ऐसे हैं, जहां लोगों को पेट्रोल डीजल के लिए प्रति लीटर सौ से अधिक रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। 

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस वक्त पेट्रोल 111.76 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।जबकि डीजल भी 100.80 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। राजधानी भोपाल से इतर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में पेट्रोल डीजल के दाम सौ रुपए से अधिक हैं।

अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं 

पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों की मार झेलने पर मजबूर आम आदमी को फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इसकी सबसे बड़ी वजह अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में लगातार कच्चे तेलों के दाम बढ़ना है। कच्चे तेल की मांग के मुकाबले उत्पादन कम होने की वजह से तेल के दामों में उछाल दर्ज की जा रही है। जिसका सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की चीजों पर पड़ रहा है।