लगातार आसमान छू रहे पेट्रोल डीजल के दाम, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने दिए अभी और दाम बढ़ने के संकेत

पेट्रोल और डीजल के दामों में आज एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है, राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल दोनों ही प्रति लीटर 35 पैसे महंगा हुआ है

Publish: Oct 17, 2021, 05:07 AM IST

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। आसमान छूती कीमतों ने लगातार आम आदमी को परेशान कर रखा है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने पेट्रोल डीजल के दामों को लेकर बयान दिया है। जिसमें उन्होंने इशारों इशारों में बताया है कि फिलहाल तेल के दामों में स्थिरता आने की उम्मीद कम ही है। 

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने शनिवार को कहा कि कोरोना काल से पहले के मुकाबले में तेल की खपत में काफी इजाफा हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कोरोना काल के बाद पेट्रोल और डीजल में क्रमशः 10 से 15 फीसदी और 6 से 10 फीसदी का इजाफा हुआ है। हम कीमतों में स्थिरता लाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। 

केंद्रीय मंत्री का यह बयान जनता के जले पर नमक छिड़कने से कम नहीं है। लगातार बढ़ते पेट्रोल डीजल के दाम के कारण देश भर की जनता परेशान है। पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के जेब और जीवन दोनों पर बुरा असर डाला है। 

रविवार को ही राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दामों में 35-35 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के लिए अब लोगों को 105.84 रुपए का भुगतान करना होगा। जबकि डीजल के लिए लोगों को अपनी जेब से प्रति लीटर 94.57 रुपए खर्च करने होंगे। 

दिल्ली जैसी ही स्थिति देश तमाम महानगरों और राज्यों की है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तो पेट्रोल और डीजल दोनों ही सौ का आंकड़ा पार कर चुके हैं। मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में पेट्रोल और डीजल के दाम काफी बढ़े हुए हैं। वहीं आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 111.17 रुपए तो डीजल 102.52 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।