लोकतंत्र बचाओ रैली में फिसली मोहन यादव की जुबान, मंच से लगाए जेपी नड्डा मुर्दाबाद के नारे

रैली के दौरान मंच पर नेताओं के बीच कुर्सी को लेकर भी खींचतान देखने को मिली। भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री विश्वास सारंग आगे की पंक्ति में बैठने को लेकर आपस में बहस करते नजर आए।

Updated: Nov 05, 2026, 12:18 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को भाजपा की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली कई वजहों से चर्चा में रही। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से गलती से 'जेपी नड्डा मुर्दाबाद' का नारा लगा दिया। हालांकि, उन्हें तत्काल अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने नारा सुधारते हुए राहुल गांधी मुर्दाबाद कहा। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रैली के दौरान मंच पर नेताओं के बीच कुर्सी को लेकर भी खींचतान देखने को मिली। भाजपा सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री विश्वास सारंग आगे की पंक्ति में बैठने को लेकर आपस में बहस करते नजर आए। वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी भी कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन उन्हें फ्रंट रो में जगह नहीं मिल सकी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं को भी बुलाया गया था। हालांकि, आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर उनमें नाराजगी देखने को मिली। महिलाओं की शिकायत थी कि कार्यक्रम में बुलाने के बावजूद उनके लिए नाश्ते और पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके चलते कई महिलाएं नाराज नजर आईं।

बता दें कि भाजपा ने बुधवार को भोपाल में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्रा आयोजित की थी। टीटी नगर स्थित अटल पथ पर सभा के बाद पदयात्रा रोशनपुरा चौराहे तक निकाली गई। इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।