शेयर मार्केट में भूचाल, Sensex ने लगाया 950 अंकों का गोता, अडानी ग्रुप के सभी शेयरों में भारी गिरावट

कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बुधवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है, सेंसेक्स जहां 950 अंक टूटकर कारोबार कर रहा है वहीं निफ्टी भी 17550 के नीचे पहुंच गया।

Updated: Feb 22, 2023, 10:18 AM IST

मुंबई। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जबरदस्त गिरावट आई है। सेंसेक्स करीब 950 अंक टूटकर 59,750 के करीब ट्रेड कर रहा है। निफ्टी भी करीब 250 अंक नीचे है। ये 17,550 के करीब कारोबार कर रहा है। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग और IT स्टॉक्स सबसे आगे हैं। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट है।

निफ्टी के टॉप लूजर में अडाणी एंटरप्राइजेज है। ये 10% से ज्यादा टूटा है। अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में गिरावट है। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस, विल्मर और एनडीटीवी में 5-5% की गिरावट है। वहीं ग्रुप के सीमेंट स्टॉक ACC और अंबुजा सीमेंट में भी 5% की गिरावट है। अडाणी पोर्ट्स का शेयर भी करीब 6% नीचे ट्रेड कर रहा है। आज फार्मा और हेल्थकेयर को छोड़कर बाकी सभी इंडाइसेज में गिरावट देखी गई।

यह भी पढ़ें: क्या विदेश मंत्री स्टॉकहोम सिंड्रोम से ग्रसित हैं, चीन को लेकर एस जयशंकर के बयान पर कांग्रेस का पलटवार

बीएसई पर अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर 10 प्रतिशत टूट गया है। सुबह के कारोबार में समूह की कई कंपनियों के शेयर अपने निचले सर्किट को छू गए। दरअसल, अमेरिकी कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की अडानी समूह के ऊपर रिपोर्ट के बाद से ही अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का सिलसिला शुरु हुआ। जो अभी भी जारी है। ये रिपोर्ट 25 जनवरी को सामने आई थी। तब से लेकर अब तक अडानी समूह की 10 कंपनियों का मार्केट कैप 11.5 लाख करोड़ रुपये से घटकर 7.69 लाख करोड़ रुपये तक घट चुका है।

भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले और दूसरे कारोबारी दिन, यानी सोमवार और मंगलवार को भी गिरावट देखने को मिली थी। कल यानी मंगलवार को सेंसेक्स 18 अंक गिरकर 60,672 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 17 अंकों की गिरावट रही। स्टॉक मार्केट में आज लगातार चौथे दिन बिकवाली देखी गई। इन चार दिनों में निवेशकों का 3 लाख करोड़ रुपए स्वाहा हो गया।