Shivraj Chouhan: उपचुनाव के पहले किसानों को लुभाने में जुटी सरकार नई किसान नीति बनाएगी

MP By Poll 2020: आचार संहिता के भय से शुरू हुई किसान कल्याण योजना का हुआ औपचारिक शुभारंभ, मुख्यमंत्री शिवराज ने किया नई किसान नीति बनाने का एलान

Updated: Sep 27, 2020, 01:11 AM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

भोपाल। उपचुनाव के पहले किसानों को लुभाने में जुटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को किसान कल्याण योजना का विधिवत शुभारंभ किया। शुक्रवार को आचार संहिता लगने के भय से इस योजना को स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में आनन फानन में लांच कर दिया गया था। उपचुनावों की तारीख घोषित नहीं होने पर शनिवार मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस दौरान सीएम ने किसानों से बातचीत भी की। उन्होंने एलान किया है कि मध्यप्रदेश में जल्द ही नई किसान योजना बनाई जाएगी। इसके बाद किसानों को जगह-जगह भटकने की जरूरत नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री से चर्चा करके सभी तरह की सब्सिडी सीधे किसान के खाते में पहुंचाने का अनुरोध करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि फसल बीमा में निजी कंपनियां बार-बार गड़बड़ी करती हैं। यह झमेला सरकार खत्म करेगी और नई सरकारी कंपनी बनाई जाएगी।   

आपको बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि की पहली किस्त के दो हजार रु. 5.70 लाख किसानों के खाते में डाल दिए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधिकी तर्ज पर मध्यप्रदेश के किसानों के लिए दो किश्तों में चार हजार रुपए की सम्मान निधि किसानों देने की शुरूआत हुई है। अब प्रदेश के किसानों को सालाना दर हजार रुपए मिलेंगे। केंद्र सरकार तीन किस्तों में सालाना 6 हजार रुपए देती है।

प्रदेश के किसानों के लिए सीमांक एप किया लॉन्च

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सीमांक एप भी लॉन्च किया। इस एप में किसानों की जमीन से जुड़ी सभी जानकारियां शामिल होंगी। सभी किसानों को जमीन से जुड़ी जानकारी एक एप के जरिए प्राप्त हो सकेगी। ये हिंदी, अंग्रेजी दोनों भाषाओं में काम करेगा। इसमें लाइव मैप की सहायता से क्षेत्रफल और लोकेशन प्राप्त किया जा सकेगा। किसानों को जमीनों से जुड़ी जानकारियां तुरंत आसानी से मिल सकेंगी।

प्रदेश में नई किसान योजना बनाने का ऐलान

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के औपचारिक शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नई किसान योजना बनाने का ऐलान किया। उन्होने कहा कि किसान योजना जल्द बनेगी, जिससे किसानों को कहीं भी भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करके सभी तरह की सब्सिडी सीधे किसानों के खाते में पहुंचाने का अनुरोध करेंगे। मुख्यमंत्री ने भोपाल जिले के परवलिया के किसान राधेश्याम से बात की। उन्होने किसान से प्रधानमंत्री किसान योजना के बारे में पूछा।