स्वाद और सेहत से भरपूर है दही, आइए जानते हैं अनेक बीमारियों में लाभकारी दही के गुण

दही कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर है। इसमें कैल्शियम, आयरन और फॉस्फोरस की मात्रा भी अधिक होती है। इसके सेवन से पेट के साथ-साथ कई अन्य बीमारियां से भी निजात मिल सकती है।

Updated: Sep 27, 2023, 11:18 AM IST

Photo Courtesy: AAj Tak
Photo Courtesy: AAj Tak

भारत में किसी काम की शुरुआत से पहले मीठी दही खाना शुभ माना जाता है। दही खाकर सुबह की शुरूआत करना। किसी शुभ काम को करने से पहले दही खाना यहां तक कि ईश्वर के प्रसाद में दही का इस्तेमाल भी भारतीय परंपराओं में दही को खाद्य पदार्थ के रूप में अहमियत देने की मिसाल है। वैज्ञानिक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी दही को सेहत के लिए जरूरी मानने लगे हैं। 

दही खाने के अनेक तरीके सामाजिक व्यवहार में प्रचलित हैं। दही की लस्सी, दही का छाछ, दही को विभिन्न पकवानों में इस्तेमाल करना.. जैसे दही का चावल, रायता, दही भल्ला और दही के कटलेट आदि। दही न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि सेहत के हर मुकाम को मुकम्मल भी करता है। दही में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो आपको स्वस्थ रखते हैं। इसमें कैल्शियम, आयरन और फॉस्फोरस की मात्रा भी अधिक होती है। इसके सेवन से पेट के साथ-साथ कई अन्य बीमारियों में राहत मिलती है। आइए जानते हैं इसके फायदे।

दांतों और हड्डियों को मजबूत बनाता है

दही में फॉस्फोरस और कैल्शियम की मात्रा भरपूर होती है। इससे आपके दांत और हड्डियां मजबूत बनती हैं। गठिया होने से भी रोकता है। इसलिए कोशिश करें कि आप हर दिन दही का सेवन करें। इससे आपके दांत और हड्डियां मजबूत रहेंगी। 

इम्यूनिटी बढ़ाता है

दही सबसे अच्छे प्रोबायोटिक फूड्स में से एक है। इसमें मौजूद माइक्रोऑर्गेनिज्म हमारे शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। दही एक एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है। ये हमारी इम्यूनिटी बढ़ाता है। 

अच्छे बालों और त्वचा के लिए कारगर 

दही को होम रेमेडी की तरह बालों और त्वचा को साफ करने के लिए किया जाता है। इसके लिए आपको दही, बेसन और नींबू का पेस्ट बनाना होगा। इसे आप अपने चेहरे पर 15 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद साफ पानी से चेहरा धो लें। दही ब्लीच का काम करता है, जिससे आपका चेहरा निखर जाता है। दही का इस्तेमाल आप चमकदार बालों के लिए भी कर सकते हैं। इसके लिए आप दही बालों में लगाने के बाद आधे घंटे तक छोड़ दें। इसके बाद पानी से धो लें। 

डाइजेशन सही करता है

दही में लैक्टोज होता है। इससे आपकी पाचन शक्ति बढ़ती है। ऐसे में जिन लोगों का डाइजेशन सिस्टम कमजोर होता है, उनके लिए ये बेहद फायदेमंद है क्योंकि दही को पचाना काफी आसान होता है। 

हृदय के लिए फायदेमंद 

हर रोज दही का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम होता है। इससे ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है और हाइपरटेंशन का रिस्क भी कम होता है। ये आपके कोलेस्ट्रॉल के स्तर संतुलित रखता है। इससे आपका हृदय स्वस्थ रहता है। 

वजन कम करने में मददगार 

दही में कैल्शियम, विटामिन बी-2, बी-12, पोटैशियम और मैग्नीशियम होता है। ये आपकी सेहत के लिए बेहद लाभकारी है। दही में कैल्शियम भरपूर होता है जो कोर्टिसोल को कम करता है और वजन कम करने में मदद करता है। दही के सेवन के बाद आप लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करते हैं। ये कैलोरी की मात्रा को कम करके पेट को पतला रखने में भी मदद करता है।