HairLoss: आजमाएं प्याज से बने घरेलू हैयर पैक

Beauty Tips: झड़ते बालों को कम कर सकते हैं असरदार घरेलु नुस्ख़े, केवल घर में मौजूद प्याज की जरूरत है

Updated: Jul 31, 2020, 05:04 AM IST

मानसून में कई पुरुष व महिलाएं अपने बालों के झड़ने से काफी परेशान हो जाते हैं। कुछ लोगों का हेयर फॉल इतना अधिक होने लगता है कि वो बहुत चिंतित हो जाते हैं और इसके लिए अलग-अलग शैंपू, हेयर क्रीम और ट्रीटमेंट्स लेने लगते हैं। इससे कुछ हद तक राहत तो मिलती है लेकिन कई बार बहुत कोशिश के बाद भी न तो बाल बढ़ते हैं बल्कि और ज्यादा झड़ने लगते हैं। ऐसे में आप इन असरदार घरेलु नुस्खों से झड़ते बालों को कम कर सकते हैं। इसके लिए आपको केवल घर में मौजूद प्याज की जरूरत है। बता दें कि प्याज हेयर ग्रोथ के लिए बेहद लाभकारी होता है। इसमें प्रचुर मात्रा में सल्फर मौजूद होता है, जो बालों को मजबूत बनाता है और हेयर फॉल को कम कर आपके बालों को घना बनाता है।

1. नारियल तेल और प्याज का रस

हर घर में बालों में इस्तेमाल किया जाने वाला नारियल तेल बालों के पोषण के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह तेल बालों को मजबूती देने के साथ ही रूसी की भी समस्याओं से निजात दिलाता है। यदि आप बालों के झड़ने से परेशान हैं तो नारियल तेल में प्याज का रस मिलाकर बालों और स्काल्प में लगा सकते हैं। इसे लगाने के बाद आधे घंटे तक सूखने के लिए छोड़ दें उसके बाद किसी भी शैम्पू से बाल धो लें। इससे बेहद कम समय में बाल झड़ना कम हो जाएगा। 

2. अंडे और प्याज का रस

बालों को स्वस्थ रखने की प्रोटीन बेहद ही जरूरी माना जाता है। वहीं अंडे में प्रचुर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। अगर आप अंडे में प्याज का रस मिलाकर अपने बालों में लगाते हैं तो इससे आपके बाल पहले से बेहतर और स्वस्थ होते हैं। इसे बालों में कम से कम 20 मिनट के लिए लगा रहने दें और फिर हल्के गुनगुने पानी से बाल धो लें। इससे बालों को मजबूती मिलती है और बाल झड़ना रूक जाता है।

3. शहद और प्याज का रस

शहद त्वचा के लिए फायदेमंद होने के साथ है बालों के लिए भी बेहद लाभकारी होता है। शहद से बालों को जरूरी पोषण मिलता है और हेयर फॉल की समस्या भी दूर होती है। शहद के साथ प्याज के रस का हेयर पैक बनाने के लिए दो चम्मच प्याज का रस लें और एक चम्मच शहद मिलाएं और फिर अपनी बालों और स्कैल्प पर अच्छे से लगा लें। इसे लगाने के बाद हल्के हाथों से मसाज करें और कम से कम आधे घंटे तक इसे सूखने दें। इसके बाद फिर शैंपू से हेयर वॉश कर लें। इसे इस्तेमाल करने से कम समय में ही बालों का झड़ना रूक जाता है।