नाईजीरिया में चर्च द्वारा भोजन वितरण में भगदड़ मचने से 31 लोगों की मौत, कई घायल

स्थानीय चर्च द्वारा भोजन वितरण किया जाना था लेकिन अनियंत्रित भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, मैदान में चारो तरफ जूते चप्पल बिखरे हुए हैं।

Updated: May 29, 2022, 08:00 AM IST

नाईजीरिया। दक्षिणी नाईजीरिया के पोर्ट हरकोर्ट शहर में भगदड़ मचने से 31 लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक गर्भवती महिला और कई बच्चे शामिल है। घटना के बाद मैदान में चारों तरफ जूते चप्पल बिखरे हुए हैं।

एक स्थानीय संस्था किंग्स असेंबली चर्च द्वारा पोलो क्लब में भोजन का वितरण किया जाना था जिसमें दरवाजा छोटा था और भारी भीड़ ने एक साथ मैदान में प्रवेश करने की कोशिश की, भीड़ के अनियंत्रित होने के कारण ये दुर्घटना घटित हुई।

यह भी पढ़ें...नेपाल में जोमसोम जा रहा यात्री विमान लापता, 4 भारतीयों समेत कुल 22 लोग थे सवार

पुलिस अधिकारी ग्रेस इरिंगे कोको ने बताया कि चैरिटी कार्यक्रम शनिवार सुबह 9 बजे शुरू होना था लेकिन भीड़ सुबह 5 बजे मैदान में अपना स्थान सुरक्षित करने के लिए एकत्रित होने लगी, अनियंत्रित भीड़ ने पोलो मैदान का बंद दरवाजा तोड़ दिया और ये भगदड़ मच गई। घायलों को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

नाईजीरिया में पहले भी कई बार भोजन वितरण के समय भगदड़ की कई घटनाएं हो चुकी है। नाईजीरिया में तेल के विशाल भंडार हैं लेकिन वहां हर 10 में से 4 व्यक्ति गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं और यहां बोको हराम जैसे आतंकवादी संगठन सक्रिय हैं जिसके कारण आए दिन यहां बच्चियों के अपहरण और हिंसा की घटनाएं सामने आती है।