दक्षिण तुर्की के समंदर में डूबी प्रवासियों की नाव, सर्च अभियान में जुटी नौसेना
नाव पर 45 प्रवासियों के सवार होने की खबर, खराब मौसम के कारण नहीं मिल रहा है सुराग, तुर्की सरकार ने ढूंढने के लिए भेजे एयरक्राफ्ट्स

इस्तानबुल। दक्षिण तुर्की के समंदर में प्रवासियों को लेकर जा रही एक नाव के डूबने की खबर है। बताया जा रहा है कि इस नाव में करीब 45 लोग सवार थे। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार शाम हमें यह जानकारी मिली की दक्षिण तुर्की के समंदर में एक नाव डूब रही है। हादसा तुर्की के कास शहर से करीब ढाई सौ किलोमीटर दूर दक्षिण पश्चिम हिस्से में हुआ। नाव पर सवार सभी लोग प्रवासी थे। फिलहाल यह जानकारी नहीं मिल पाई की वे किस देश से आ रहे थे।
यह भी पढ़ें: नवाज़ शरीफ के कहने पर मोदी ने कराया इमरान खान का फोन हैक, पाकिस्तानी मंत्री ने किया दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना के बाद तुर्की सरकार ने तत्काल नौसेना के जहाजों को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए घटनास्थल की ओर रवाना किया। इसके अलावा एयरफोर्स के कई जहाजों से भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि, मौसम खराब होने की वजह से इसमें देरी हो रही है। फिलहाल नाव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
आशंका है कि नाव के साथ उसपर सवार सभी लोग समुद्र में डूबकर मर गए हैं। दरअसल, कई देशों के अवैध अप्रवासी अक्सर तुर्की के रास्ते यूरोपियन देशों में जाते हैं। इसके लिए वे तस्करों की मदद लेते हैं और खतरनाक समुद्र में नाव से यात्रा करते हैं।