यूक्रेन के साथ युद्ध के बीच रूस ने लेटर जेड लिखे रॉकेट को अंतरिक्ष में किया लांच 

लेटर जेड यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है, यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में टैंकों और अन्य सैन्य उपकरणों पर भी लेटर जेड देखने में आया है 

Updated: Mar 23, 2022, 10:04 AM IST

courtesy: india today
courtesy: india today

नई दिल्ली। यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध के बीच रूस ने बुधवार को अपने कॅरियर रॉकेट सोयुज-2.1 ए को अंतरिक्ष में लांच किया है। खास बात ये है कि इस रॉकेट पर जेड लेटर लिखा हुआ था। दरअसल जेड लेटर रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है। इस लेटर को इससे पहले यूक्रेनी सीमा के पास रुसी टैंकों और सैन्य ट्रकों पर देखा गया था। रुसी रक्षा मंत्रालय ने भी अपने इंस्टाग्राम पेज पर जेड और वी लेटर के स्टाइलिश ग्राफ़िक्स पोस्ट किये हैं। हालाँकि जेड लेटर का क्या अर्थ है, इस बारे में रूस की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। 
रूस ने बुधवार को मिर्नी में प्लेसेतस्क कॉस्मोड्रोम से एक कॅरियर रॉकेट सोयुज-2.1 ए को अंतरिक्ष में लांच किया। रॉकेट की लॉन्चिंग के बाद से रॉकेट पर लिखे जेड लेटर की खूब चर्चा हो रही है। 

इससे पहले ये लेटर जेड चर्चा में तब आया था जब इस साल की शुरुआत में दोहा विश्व कप के दौरान 20 वर्षीय रुसी जिम्नास्ट इवान कुलियाक ने जेड लिखी जर्सी पहनी थी। इसके बाद से ही ये लेटर कौतुहल का विषय बना हुआ है। कोई इस जेड  चिन्ह को नया स्वास्तिक बता रहा है तो कोई इसे यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के समर्थन का निशान तो कोई युद्ध का प्रतीक चिन्ह मान रहा है। हालाँकि इस बारे में रूस की ओर से कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है।