सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का थीम सॉन्ग जारी, दिग्विजय सिंह ने दिया संस्कृति, सद्भाव और स्वाभिमान का संदेश
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में 20 अक्टूबर से उज्जैन स्थित महाकाल धाम से अयोध्या स्थित श्रीराम धाम तक के लिए निकलेगी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा।
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में 20 अक्टूबर से शुरू होने वाली सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का थीम सॉन्ग जारी हो गया है। उज्जैन से अयोध्या तक प्रस्तावित इस यात्रा के गीत में सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था, सत्य, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया गया है।
थीम सॉन्ग में उज्जैन की धरती, महाकाल का धाम, अयोध्या की नगरी, श्रीराम का नाम जैसी पंक्तियों के जरिए भगवान महाकाल और श्रीराम के प्रति आस्था को अभिव्यक्त किया गया है। गीत में भगवान श्रीराम की मर्यादा और भगवान शिव के आध्यात्मिक आदर्शों को भारतीय संस्कृति के मानवीय मूल्यों से जोड़ा गया है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का थीम सॉन्ग जारी, दिग्विजय सिंह ने दिया संस्कृति, सद्भाव और स्वाभिमान का संदेश @DVSSanatanYatra @OfficeOfDVS https://t.co/Ryg1krJS4R
— Humsamvet (@humsamvet) October 15, 2026
थीम सॉन्ग लॉन्चिंग कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का प्रमुख उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल आदर्शों सत्य, करुणा, सेवा और सद्भाव को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का संरक्षण, सामाजिक समरसता को मजबूत करना और धार्मिक संस्थाओं एवं परंपराओं से जुड़े विषयों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी यात्रा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। गीत में क्या है अपनी पहचान, सत्य, सेवा और सम्मान तथा क्या है संस्कृति का मान, करुणा, सद्भाव और ज्ञान जैसी पंक्तियों के जरिए यात्रा के मूल विचारों को सामने रखा गया है।
आयोजकों ने धर्म और संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों, युवाओं एवं आम नागरिकों से थीम सॉन्ग को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है। साथ ही 20 अक्टूबर से शुरू होने वाली यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया है। यात्रा के जरिए सत्य, सेवा, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की बात कही गई है।




