सुप्रीम कोर्ट ने SIR पर चुनाव आयोग को जारी किया नोटिस, राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह समेत विपक्षी नेताओं की याचिका पर सुनवाई
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और अन्य विपक्षी नेताओं ने अनुच्छेद 32 के तहत याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर करोड़ों मतदाताओं के नाम अनुचित तरीके से हटाए गए हैं।
नई दिल्ली। सुप्रीम ने मतदाता सूचियों के 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) और बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर Election Commission of India को नोटिस जारी किया है। यह कदम पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और असदुद्दीन ओवैसी समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई के बाद उठाया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और अन्य विपक्षी नेताओं ने अनुच्छेद 32 के तहत याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर करोड़ों मतदाताओं के नाम अनुचित तरीके से हटाए गए हैं। याचिका में इस प्रक्रिया के स्वतंत्र ऑडिट (Independent Audit) और हटाए गए नामों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की गई है।
मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए भारतीय निर्वाचन आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी से जवाब मांगा है।
नोटिस जारी करते हुए चीफ जस्टिस ने मौखिक टिप्पणी की कि कोर्ट याचिकाकर्ताओं में से एक के आचरण के बारे में भी उनसे स्पष्टीकरण मांगेगा। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष SIR प्रक्रिया का विरोध कर रहा है और मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
याचिका दायर करने से पहले 12 अक्टूबर को राहुल गांधी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं के साथ सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च किया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा याचिकाकर्ताओं में तृणमूल कांग्रेस के सौगत रॉय, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी प्रसाद यादव, शिवसेना (UBT) के संजय राउत, माकपा के एमए बेबी, भाकपा के डी. राजा, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माझी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सुप्रिया सुले और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर शामिल हैं।
बाद में विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) के अध्यक्ष थोल. थिरुमावलवन और नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद सज्जाद अहमद किचलू भी राहुल गांधी की याचिका में शामिल हो गए। सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से दायर अलग-अलग याचिकाओं पर भी नोटिस जारी किया।




