फ्रांस में चार हफ्ते का लॉकडाउन, कोरोना के बढ़ते कहर के बाद राष्ट्रपति मैक्रों ने लिया फैसला

लॉकडाउन के दौरान फ्रांस के सभी स्कूल बंद रहेंगे, लोगों को दस किलोमीटर से अधिक यात्रा करने को लेकर सख्त तौर पर मनाही की गई है

Updated: Apr 01, 2021, 07:04 AM IST

Photo Courtesy: France 24
Photo Courtesy: France 24

नई दिल्ली/पेरिस। फ्रांस में बढ़ते कोरोना के कहर के चलते राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों ने देशव्यापी लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी है। फ्रांस में चार हफ्तों का लॉकडाउन लगाया गया है। इस दौरान फ्रांस के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

फ्रांस में लगे चार हफ्ते के लॉकडाउन के दौरान ज़रूरी दुकानों को खोले जाने की अनुमति दी गई है। नौकरीपेशा लोगों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा। जबकि इस दौरान किसी भी व्यक्ति के दस किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर रोक लगाई गई है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति दस किलोमीटर से ज़्यादा का सफ़र तय नहीं कर पाएगा। 

बुधवार को देशव्यापी लॉकडाउन लागू करने की घोषणा करते हुए राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों ने कहा कि अब सख्त कदम उठाने का समय आ गया है। क्योंकि अगर समय रहते हमने ठोस कदम नहीं उठाया तो हम कोरोना पर अपना नियंत्रण खो देंगे। इमैन्युएल मैक्रों ने अपने देशवासियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान टीकाकरण में तेज़ी लाई जाएगी। राष्ट्रपति ने अपने देश वासियों को बताया कि गर्मी के समाप्त होने तक उनकी सरकार देश में 18 साल से अधिक की उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण कर देगी।