Nepal Earthquake: नेपाल में आए भूकंप से भीषण तबाही, अब तक 128 लोगों की मौत, कई इमारतें जमींदोज

शुक्रवार देर रात आए भूकंप के चलते नेपाल में अब तक 128 लोगों की मौत हो चुकी है। दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Nov 04, 2023, 08:48 AM IST

काठमांडू। नेपाल में शुक्रवार देर रात आए भूकंप ने तबाही मचा दी है। 6.4 तीव्रता वाले इस भूकंप के कारण कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं। भूकंप के बाद अब तक 128 लोगों की मौत हो चुकी है। मलबे में दबने के कारण कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

बताया जा रहा है कि भूकंप के कारण ज्यादातर लोगों की मौत रुकुम पश्चिम और जाजरकोट में हुई है। मृतकों की जानकारी रुकुम पश्चिम के डीएसपी नामराज भट्टराई और जाजरकोट के डीएसपी संतोष रोक्का ने दी है। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' ने भूकंप से हुई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।

प्रचंड ने बचाव और राहत के लिए 3 सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया है। नेपाल में तबाही मचाने वाले भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में देखा गया। बिहार के पटना और मध्य प्रदेश के भोपाल तक भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।

नेपाल में पिछले कुछ महीनों के अंदर भूकंप की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। पिछले महीने की 22 अक्टूबर को आए भूकंप का केंद्र भी नेपाल ही था। यह एक महीने में तीसरी बार है जब नेपाल में तेज भूकंप आए हैं।