नाइजीरिया में ट्विटर अनिश्चितकाल के लिए हुआ सस्पेंड, राष्ट्रपति का ट्वीट हटाने के बाद सोशल मीडिया कंपनी पर हुई कार्रवाई

नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने मंगलवार को एक विवादित ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने अलगाववादियों पर चुनावी अधिकारी और पुलिस पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया था

Publish: Jun 05, 2021, 05:21 AM IST

Photo Courtesy: The Economic Times
Photo Courtesy: The Economic Times

नई दिल्ली। नाइजीरिया में सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर पर बड़ी कार्रवाई हुई है। नाइजीरिया में ट्विटर का संचालन अनिश्चितकाल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। सोशल मीडिया कंपनी पर यह कार्रवाई नाइजीरिया के राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के ट्वीट को डिलीट करने के सिलसिले में की गई है। 

नाइजीरिया की सरकार ने राष्ट्रपति के ट्वीट को डिलीट करने को लेकर सोशल मीडिया कंपनी के संचालन पर शुक्रवार को रोक लगा दी। नाइजीरिया की सरकार ने आरोप लगाया कि ट्विटर नाइजीरिया की कॉरपोरेट गतिविधियों को कम करने की कोशिश कर रहा है। 

दरअसल मंगलवार को राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने सिविल वॉर को लेकर ट्वीट किया था। जिसमें राष्ट्रपति ने दक्षिण पूर्वी हिस्से में हुई हिंसा के लिए वहां के अलगाववादियों पर चुनावी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर हमला करने का आरोप लगाया था। ट्विटर ने राष्ट्रपति के ट्वीट को उसके नियमों का उल्लंघन करार देते हुए डिलीट कर दिया था। जिसके बाद नाइजीरिया के सूचना प्रसारण मंत्रालय ने सोशल मीडिया कंपनी पर कार्रवाई कर दी। 

हालांकि शुक्रवार को ट्विटर का संचालन नाइजीरिया में जारी था। जिसको लेकर नाइजीरियन सरकार के सूचना प्रशासन मंत्रालय के सहायक सचिव ने कहा कि वे तकनीकी सवालों पर कुछ कह नहीं सकते लेकिन ट्विटर को सस्पेंड किया जा चुका है।