शिवराज कैबिनेट के 31 मंत्री हारेंगे विधानसभा चुनाव, कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने भरी हुंकार

आज मध्य प्रदेश में हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है, मध्य प्रदेश के भविष्य के रक्षक हैं कांग्रेस में शामिल होने वाले नेता और कार्यकर्ता: कमलनाथ

Updated: Sep 02, 2023, 05:54 PM IST

भोपाल। कांग्रेस महासचिव व मध्य प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भोपाल दौरे पर हैं। सुरजेवाला ने शनिवार को पीसीसी मुख्यालय में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक ली। साथ ही भाजपा से आए करीब आधा दर्जन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली बार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के 13 मंत्री चुनाव हारे थे। इस बार प्रदेश की कमीशन वाली सरकार के 31 मंत्री चुनाव हारेंगे।

कांग्रेस प्रभारी सुरजेवाला ने आगे कहा, '50% कमीशन और भ्रष्टाचार इस सरकार का मुख्य धंधा है। जिस सरकार में दलित आदिवासी और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, उन्हें चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए। भोपाल राजधानी है और यहां हर दिन एक महिला से बलात्कार क्यों हो रहा है? कमलनाथ जी के पिटारे में अभी बहुत माल है, वहीं एमपी में एक धोखेबाज सत्ता में है वो कमलनाथ जी की घोषणाओं को नकल कर रहा है। कमलनाथ जी आपसे अनुरोध करता हूं कि आप आज कोई घोषणा न करें अब सारी घोषणाएं आचार संहिता के बाद करेंगे।'

इस दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, 'भाजपा ने मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है। आज मध्य प्रदेश में हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की एक ऐसी व्यवस्था बना ली है जिसमें पैसे दो काम लो का सिद्धांत चल रहा है। आज शिवराज सिंह जी अपने पाप धोने के लिए बहनों को 1000 रुपये दे रहे हैं। शिवराज जी आप सोचते हैं कि 18 साल के आपके पाप ऐसे धुल जाएंगे। आप जाइए मुंबई और कलाकारी वहाँ कीजिए, इस चुनाव के बाद मध्य प्रदेश की जनता आपको बड़े प्यार से विदा करेगी।'

कमलनाथ ने आगे कहा, 'भाजपा ने मध्यप्रदेश को चौपट प्रदेश, घोटाला प्रदेश, भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है। आपको एक रक्षक के रूप में मध्य प्रदेश के भविष्य को बचाना है। अब जब चुनाव में हार सामने है तो भाजपा सब कलाकारी कर रही हैं तो यह पैसा पुलिस प्रशासन का उपयोग करेंगे क्योंकि इनके पास बचा ही क्या है? प्रशासन को भी पता चल रहा है कि 4 महीने बाद प्रदेश में सरकार बदलने वाली है। इसलिये प्रशासन ने भी अपना भविष्य सुरक्षित रखना शुरू कर दिया है। प्रशासन का व्यवहार बदलने लगा है।'