शादी का खर्च जुटाने किया था पुजारी का अपहरण, भोपाल में मंडप से दूल्हे को उठा ले गई पुलिस
भोपाल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश आकाश उर्फ भूरा को उसकी शादी के मंडप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शादी के खर्चे के लिए एक पुजारी का अपहरण कर, झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर फिरौती मांगी थी।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए शादी के मंडप से ही कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी आकाश उर्फ भूरा हड्डी बाजपेयी पर एक पुजारी का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर मारपीट करने और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 8 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। कोहेफिजा थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर एयरपोर्ट रोड स्थित एक गार्डन में चल रहे विवाह समारोह में दबिश देकर आरोपी दूल्हे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित 26 वर्षीय राकेश पुजारी लालघाटी इलाके की एक कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। आरोप है कि सोमवार रात को आकाश बाजपेयी और उसके गिरोह के सदस्यों ने मिलकर उसे अगवा कर लिया था। इसके बाद उसे बंधक बनाकर पीटा और पुलिस केस में फंसाने की धमकी देते हुए 8 लाख रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये भी वसूल लिए थे। जबकि, बाकी रकम पांच किस्तों में देने की शर्त रखी गई थी।
यह भी पढ़ें:वर्ल्ड चैंपियन बनते ही विवादों में घिरे हार्दिक पंड्या, जीत के जश्न के दौरान तिरंगे के अपमान का आरोप
कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला के मुताबिक, पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर सीधे थाने पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। इसके बाद बुधवार को जानकारी मिलने पर पुलिस ने एयरपोर्ट रोड स्थित विवाह स्थल पर छापा मारकर मुख्य आरोपी आकाश बाजपेयी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांच में सामने आया है कि इस वारदात की साजिश पहले से रची गई थी। दरअसल, आकाश उपाध्याय नाम का युवक पीड़ित पुजारी का मकान मालिक था और उसी ने मुख्य आरोपी आकाश उर्फ भूरा को बताया कि उसका किराएदार पुजारी है और उसे धमकाकर पैसे वसूले जा सकते हैं। इसके बाद गिरोह ने योजना के तहत अपनी गैंग से जुड़ी एक युवती को सोमवार रात पुजारी के घर भेजा। युवती ने दरवाजा खुलते ही घर में घुसकर शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में 10 से 15 युवक भी कमरे में पहुंच गए और पुजारी पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई करने लगे।
यह भी पढ़ें:युद्धविराम के लिए तैयार हुआ ईरान, दुनिया के सामने रखीं ये तीन शर्तें
इसके बाद आरोपी पुजारी को जबरन एक कार में बैठाकर बाजपेयी नगर स्थित गैंग के सदस्य तौफीक उर्फ शूटर के कमरे में ले गए। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई और पुलिस के हवाले करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल से रिकॉर्ड किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर पुजारी को ब्लैकमेल करने लगे। जान बचाने के लिए पुजारी ने आरोपियों के मोबाइल से अपने भाई को फोन कर पैसे की व्यवस्था करने को कहा। भाई ने तुरंत 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए जिसके बाद आरोपियों ने उसे छोड़ दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी आकाश उर्फ भूरा बाजपेयी नगर की एक मल्टी में रहता है और उस पर पहले से करीब 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में वह गांधीनगर में हुई एक हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। आकाश इल्लीगल नाम से एक आपराधिक गिरोह चलाता है जिसमें 15 से अधिक युवक और एक युवती शामिल बताए जा रहे हैं। गैंग के कई सदस्य अपनी पहचान के लिए गर्दन पर इल्लीगल गैंग का टैटू भी बनवाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें:झांसी में गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक चोरी, पूर्व ड्राइवरों की थी साजिश, एजेंसी मालिक समेत 7 गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की शादी 12 मार्च को होनी थी और उसे शादी के खर्च के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुजारी को निशाना बनाते हुए अपहरण और ब्लैकमेलिंग की योजना बनाई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को इसी तरह अपना निशाना बनाया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य सबूतों की तलाश भी जारी है।




