अमेरिकी तेल टैंकर पर ईरान का सुसाइड बोट से हमला, एक भारतीय नाविक की गई जान
ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच फारस की खाड़ी में बड़ा हमला हुआ है। अमेरिकी कंपनी के स्वामित्व वाले ऑयल टैंकर सेफसी विष्णु पर हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
तेहरान। ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच खाड़ी क्षेत्र में समुद्री हमले तेज हो गए हैं। ईरान लगातार जहाजों को निशाना बना रहा है। इराक के पास समुद्री क्षेत्र में अमेरिकी कंपनी के स्वामित्व वाले ऑयल टैंकर ‘सेफसी विष्णु’ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत का हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हमला विस्फोटकों से भरी सुसाइड बोट से किया गया, जिसने टैंकर को निशाना बनाया। यानी एक नाव पर बम लादकर उसे जहाज की तरफ भेजा गया और टकराते ही उसमें धमाका हो गया। भारत के अभी भी 24 जहाज होर्मुज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं।
इससे पहले अमेरिका-ईरान युद्ध में 1 और 2 मार्च को ओमान के तट के पास ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों में दो व्यापारिक जहाज MV MKD व्योम और MV स्काईलाइट को निशाना बनाया गया था। इन हमलों में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी। दो स्काईलाइट जहाज पर और एक व्योम पर। इन हमलों में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
भारत सरकार के मुताबिक इस समय फारस की खाड़ी क्षेत्र में भारतीय झंडे वाले कुल 28 जहाज संचालित हो रहे हैं। इनमें से 24 जहाज होर्मुज के पश्चिमी हिस्से में हैं, जिन पर 677 भारतीय नाविक सवार हैं। वहीं 4 जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में हैं, जिन पर 101 भारतीय नाविक मौजूद हैं। सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




