ग्वालियर संप्रेक्षण गृह से भागे 6 बाल अपचारी, 3 रिटायर्ड DGP की नातिन की हत्या के हैं आरोपी

ग्वालियर में बाल संप्रेक्षण गृह से गुरुवार को 6 बाल अपचारी फरार हो गए। इनमें 3 रिटायर्ड DGP की नातिन की हत्या के मामले में बंद थे।

Updated: Jan 25, 2024, 04:37 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बाल संप्रेक्षण गृह से 6 बाल अपचारी फरार हो गए। तमाम सुरक्षा व्यवस्था के बीच संप्रेक्षण गृह से बाल अपचारियों के फरार होने की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन मामले की छानबीन में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि सुबह जब बाल अपचारियों को नहाने के लिए गरम पानी दिया जा रहा था, तभी गरम पानी से भरे बर्तन में धक्का देकर उन्होंने यहां काम करने वाले कर्मचारी को गिराया और भाग निकले। छह में से तीन बाल अपचारी बेटी बचाओ चौराहे पर हुई 16 वर्षीय छात्रा अक्षया यादव सनसनीखेज हत्या में नामजद हैं। इन बाल अपचारियों के भागने के बाद हत्याकांड की मुख्य गवाह के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्योंकि लगातार गवाह को बयान बदलने के लिए धमकाया भी जा रहा था। 

गवाह के परिजनों का आरोप है कि बाल संप्रेक्षण गृह के अंदर से यह लोग फोन का भी इस्तेमाल कर रहे थे, फिर भी लापरवाही बरती गई। इस मामले में लापरवाही बरतने वालों पर बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है। पुलिस से लेकर प्रशासनिक अफसरों तक में इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि सिटी सेंटर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे नहाने के लिए गरम पानी दिया जा रहा था। यहां छह बाल अपचारी पहुंचे, कर्मचारी को गिराकर भाग निकले। पहले तो स्टाफ ने ही बाहर ढूंढा, जब नहीं मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इस घटना के बाद पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई, क्योंकि इसमें नामजद तीन आराेपित सनसनीखेज मामलों में नामजद हैं। 

बताया जा रहा है कि जिस तरह यह लोग भागे हैं, उससे स्पष्ट है कि वे पूरी प्लानिंग के साथ फरार हुए हैं। यह सभी बाल अपचारी साथ में ही रहते थे। इस घटना के बाद अब बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्वालियर एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने तीन थानों की फोर्स बाल अपचारियों की तलाश में लगाई है।