महाकाल मंदिर के अन्नक्षेत्र में हादसा, आलू छीलने की मशीन में दुपट्टा फंसने से महिला की मौत

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में शनिवार को एक महिला कर्मचारी का दुपट्टा मशीन में फंस गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

Updated: Dec 21, 2024, 11:55 AM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। वहां काम कर रही एक महिला का दुपट्टा आलू छीलने की मशीन में फंस गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। 

हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। महिला की पहचान 30 वर्षीय रजनी खत्री के रूप में हुई है।
महिला यहां आलू-प्याज छीलने वाली मशीन पर काम कर रही थी। इसी दौरान मशीन में दुपट्‌टा फंसने से उसके गले में फंदा कस गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत मशीन बंद की। रजनी के गले से फंदा निकालकर उसे अवंतिका अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार रुपाली जैन और एसडीएम एलएन गर्ग जिला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचे। 

महाकाल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अन्न क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं। हादसे को देखकर अन्न क्षेत्र में काम कर रहे तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के चलते आज महाकाल मंदिर अन्न क्षेत्र को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

एसडीएम गर्ग ने बताया कि रजनी खत्री बीते 7 साल से महाकाल मंदिर में बतौर आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रही थी। बीते एक वर्ष से उसकी ड्यूटी अन्न क्षेत्र में खाना बनाने और परोसने में लगी थी। हाल ही में लगी हाईटेक मशीन में वह रोजाना की तरह सुबह आलू-प्याज छीलने का काम कर ही रही थी। एसडीएम ने रजनी के परिवार को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की बात कही है।