MP कांग्रेस में चार जिलाध्यक्षों की नियुक्ति, मोनू सक्सेना को मिला भोपाल का कमान

भोपाल कांग्रेस का शहर अध्यक्ष मोनू सक्सेना को बनाया गया है। वहीं, जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा को महासचिव नियुक्त किया गया है। इंदौर शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह को बनाया गया है।

Updated: Jul 06, 2023, 07:34 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश में पार्टी को संगठनात्मक मजबूती देने के लिए फेरबदल का दौर शुरू है। इसी क्रम में गुरुवार को कांग्रेस ने चार जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। साथ ही चार महासचिव भी बनाए गए हैं।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक भोपाल कांग्रेस का शहर अध्यक्ष मोनू सक्सेना को बनाया गया है। वहीं, निवर्तमान जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा को महासचिव नियुक्त किया गया है। इंदौर शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह को बनाया गया है। यहां पर अरविंद बागड़ी के नाम पर विवाद हुआ था। जिसके बाद नियुक्ति को होल्ड कर दिया गया था। अब बागड़ी को भी महासचिव बनाया गया है। 

उधर, खंडवा का शहर अध्यक्ष मनीष मिश्रा को और ग्रामीण अध्यक्ष अजय ओझा को बनाया गया है। इसके अलावा अरविंद बागड़ी के साथ ही विशाल अग्निहोत्री और मनोज भारतकर को मध्य प्रदेश कांग्रेस में महासचिव बनाया गया है।

बता दें कि मध्य प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव और शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्षों के नाम की घोषणा की गई थी। भोपाल शहर में किसी के नाम पर फैसला नहीं हो सका था। इसका कारण नए अध्यक्ष के नाम को लेकर नेताओं में सहमति नहीं बन सकी थी। अब युवा नेता मोनू सक्सेना को भोपाल का कमान सौंपा गया है।