बड़वानी में खाई में गिरा यात्री वाहन 8 लोगों की मौत, 4 घायल, प्रधानमंत्री ने किया मदद का ऐलान

बड़वानी-महाराष्ट्र सीमा पर हुए एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौत, प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख की सहायता की घोषणा, घायलों को 50-50 हजार की मदद, समय पर गियर नहीं बदल पाने की वजह से हादसा

Updated: Jul 28, 2021, 12:12 AM IST

Photo courtesy: news 18
Photo courtesy: news 18

बड़वानी। तोरणमाल हादसे में बड़वानी के 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री की ओर से 2-2 लाख और घायलों के 50-50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया गया है। तोरणमाल में 26 सवारियों को लेकर टेंपो ट्रैक्स खाई में गिर गया था। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रुप से घायल हैं। गाड़ी का नंबर MP-14-BD-0767 है। वाहन के 600 फीट नीचे खाई में गिरने से हाहाकार मच गया। खाई में शव दूर-दूर तक बिखरे नजर आ रहे थे।

खेतिया थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बड़वानी से कुछ लोग महाराष्ट्र के नंदुरबार घूमने गए थे। जहां उनका वाहन 600 फीट नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे के बारे में कि मृतक और घायल बड़वानी जिले के पाटी ने निवासी थे। हादसे की खबर पाकर बड़वानी पुलिस प्रशासन की टीम घटना स्थल पर भेजी गई।

बताया जा रहा है कि घाटी पर ज्यादा चढ़ाई की वजह से ड्राइवर गाड़ी का गियर चेंज नहीं कर पाया जिससे गाड़ी रिवर्स हो गई, ड्राइवर जीप अपनी जान बचाने के लिए कूद गया। ड्राइवर को कूदते देख वाहन की छत पर बैठे करीब दर्जन भर यात्री भी कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, 4 घायल हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है। यह एक्सीडेंट इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। खाई में जगह-जगह लाशें ही लाशें नजर आ रही थीं। जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर महाराष्ट्र के नंदूरबार की महसवाद थाना पुलिस पहुंची और राहत और बचाव कार्य किया। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित तोरणमाल पर्यटन स्थल है। हादसे में मारे गए लोगों के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और महराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दुख जताया है।