कन्याकुमारी से भारत जोड़ो का एक विचार चला था जो अब नदी बन गया है: MP में बोले योगेंद्र यादव

स्वराज इंडिया के फाउंडर योगेंद्र यादव ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बीजेपी में बौखलाहट है, वे इसे रोकने के लिए तमाम उटपटांग गतिविधियां कर रहे हैं।

Updated: Nov 29, 2022, 10:37 AM IST

भोपाल। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश में है। राज्य में यात्रा को भरपूर जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। यात्रा के साथ चल रहे सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने कहा कि कन्याकुमारी से भारत जोड़ो का एक विचार चला था जो अब नदी बन गया है। बीजेपी को समझ नहीं आ रहा इस नदी को आगे बढ़ने से कैसे रोके। 

योगेंद्र यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, 'बीजेपी में बौखलाहट है। उन्हें समझ नहीं आ रहा इस बहती नदी को कैसे रोके। भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए बीजेपी रोज नए-नए उटपटांग काम कर रही है। भारत जोड़ो यात्रा ने इस देश का मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। जनता का मूड बदलना शुरू हो रहा है। आज से ढाई महीने पहले जो चुप्पी, अकेलेपन और डर का माहौल था, वह टूट रहा है। जब जनता का डर टूटता है, तो कुर्सी वालों को डर लगने लगता है।'

यह भी पढ़ें: सांवेर में मेडिकल स्टूडेंट्स से मिले राहुल गांधी, चिकित्सा शिक्षा में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर की बात

सॉफ्ट हिंदुत्व से जुड़े सवाल पर योगेंद्र यादव ने कहा, 'मैं समझता हूं कि राहुल गांधी तो सामान्य काम कर रहे हैं। नांदेड़ में गुरुद्वारा था तो गुरुद्वारे गए। यह प्रसिद्ध मंदिर है तो मंदिर गए। कल को किसी चर्च में जाना होगा तो वहां भी जाएंगे। एक सामान्य भारतीय नागरिक यही करता है। दिक्कत उन्हें हैं, जिनके चश्मे में एक ही चीज नजर आती है।'

यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे वाले फेक वीडियो को लेकर योगेंद्र यादव ने कहा कि, 'बीजेपी वाले यह हलफनामा देकर कहें कि यह झूठा निकला तो हम मुकदमा झेलने को तैयार हैं। पिछले पांच साल में न जाने कितनी बार बीजेपी वाले पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवा चुके हैं। हर बार झूठ साबित होता है। बीजेपी आईटी सेल के लोग रोज झूठ के पुलिंदा चलाते हैं। पांच बार तो मैं ही इन्हें झूठा साबित कर चुका हूं। उसके बाद भी इन लोगों को शर्म नहीं आती।'

बता  दें कि मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का आज सातवां दिन है। राहुल गांधी आज शाम चार बजे उज्जैन में बाबा महाकाल का दर्शन करेंगे। उज्जैन के सामाजिक न्याय परिसर में वे एक जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं।