MP में खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को होगी वोटिंग
केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश की खाली हुई राज्यसभा सीट पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। 12 नवंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना होगी।
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की खाली हुई एक सीट पर उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस सीट के लिए आगामी 12 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। जबकि, जरूरत पड़ने पर उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। इस उपचुनाव के साथ ही राजनीतिक हलकों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार 22 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। आयोग के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी होगी। इसके बाद उम्मीदवार 2 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी। जबकि, प्रत्याशी 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 12 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। वोटों की गिनती उसी दिन शाम 5 बजे से होगी। यदि इसकी आवश्यकता पड़ती है। आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 16 नवंबर 2026 की तारीख तय की है।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट से 2 युवकों की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की यह सीट बीते 14 अक्टूबर को खाली हुई थी। इसकी वजह डॉ. एल. मुरुगन का इस्तीफा है। मुरुगन केंद्र की भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार में केंद्रीय मंत्री भी हैं। उनके इस्तीफे के बाद अब इस सीट को भरने के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इस उपचुनाव में निर्वाचित होने वाले नए सदस्य का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक रहेगा। यानी चुने जाने वाले सांसद को इसी निर्धारित अवधि तक राज्यसभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
राज्यसभा उपचुनाव में मध्य प्रदेश विधानसभा का संख्याबल अहम भूमिका निभाएगा। राज्य में कुल 230 विधायक हैं। इनमें बीजेपी के 164, कांग्रेस के 65 और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का एक विधायक शामिल है। विधायकों की इस संख्या को देखते हुए बीजेपी को उपचुनाव में मजबूत स्थिति में माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। फिलहाल राजनीतिक गलियारों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा जारी है।
यह भी पढ़ें:भोपाल ISBT पर 7.32 करोड़ की ड्रग्स जब्त, युवक ने सलवार सूट की पैकिंग में छिपाई थी




