महू में 4 दिन से बिजली-पानी की सप्लाई ठप, 500 परिवारों ने नीमच रोड पर किया चक्काजाम
नीमच रोड स्थित रॉयल टाउन कॉलोनी में 4-5 दिनों से बिजली और पानी ठप होने पर 500 से अधिक परिवारों ने चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
महू-नीमच रोड स्थित रॉयल टाउन कॉलोनी में बिजली और पानी की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ गुरुवार सुबह रहवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। करीब 500 से अधिक परिवारों की परेशानी उस समय सड़क पर आ गई जब लोगों ने मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई थी। स्कूल बसों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी जाम के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।
कॉलोनी के रहवासियों के मुताबिक, पिछले चार से पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बंद है। बिजली नहीं होने से पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। ऐसे में परिवारों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के जरूरी कामों तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि करीब 17 साल पुरानी कॉलोनी में रहने के बावजूद उन्हें आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें:MP में खाली हुई राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को होगी वोटिंग
रहवासी टीना जादौन और अन्य लोगों ने बताया कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं। प्रत्येक परिवार को हर महीने करीब 1,000 से 1,500 रुपये तक बिजली बिल देना पड़ता है लेकिन इसके बावजूद आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। बिजली बंद होने का सीधा असर पानी की उपलब्धता पर भी पड़ रहा है। जिससे बच्चों और अन्य परिवार सदस्यों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
रहवासियों का आरोप है कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए बिजली विभाग और कॉलोनाइजर से कई बार शिकायत की। कलेक्टर कार्यालय सहित अन्य संबंधित स्थानों पर भी अपनी परेशानी बताई लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं मिला। लगातार शिकायतों के बाद भी स्थिति नहीं सुधरने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। जिसके बाद उन्होंने चक्काजाम कर विरोध जताया।
यह भी पढ़ें:जबलपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान करंट से 2 युवकों की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर किशनगंज थाना पुलिस, एसडीएम राकेश परमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी रहवासियों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों से बातचीत के बाद रहवासियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात बहाल हो गया। हालांकि, लोगों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन से उनकी समस्या दूर नहीं होगी। यदि बिजली और पानी की व्यवस्था जल्द बहाल नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।




