Bhopal Encounter: इनामी बदमाश शेखर लोधी गिरफ़्तार  

रातीबड़ पुलिस संस्कार वैली क्षेत्र में शेखर लोधी को पकड़ने पहुंची थी, उसने पुलिस पर अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी

Publish: Jul 22, 2020, 11:56 PM IST

भोपाल। कुख्यात और फरार अपराधी शेखर लोधी को रातीबड़ पुलिस ने धर दबोच लिया है। शेखर लोधी बीती रात रातीबड़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शेखर लोधी को पकड़ने से पहले रातीबड़ पुलिस की अपराधी के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान शेखर लोधी के पैर में गोली गई, जिसके बाद उसे राजधानी के हमीदिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। 

दरअसल 21 जुलाई की रात जानकारी मिलने के बाद रातीबड़ पुलिस इलाके के संस्कार वैली क्षेत्र में लोधी को पकड़ने पहुंची थी। जैसे ही पुलिस की टीम उसे पकड़ने पहुंची, उसने पुलिस पर अंधाधुन फायरिंग शुरू कर दी। रातीबड़ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में लोधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे अपनी गिरफ़्त में लेकर हमीदिया अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। शेखर लोधी को धर दबोचने का काम टीआई सुदेश तिवारी, पुलिस जवान आलोक तिवारी और युवराज सिंह ने किया।

बता दें कि शेखर लोधी इलाके का छँटा हुआ बदमाश है। उस पर हत्या, लूट के कई मामले दर्ज हैं। वह 2011 में हत्या के प्रयास के मामले जेल भी जा चुका है। शेखर लोधी पर पुलिस ने 25 हज़ार का इनाम भी रखा हुआ था।