कर्मचारियों के PF का पैसा डकार गया भोपाल नगर निगम, आरटीआई में हुआ बड़ा खुलासा

भोपाल नगर निगम द्वारा अपने कर्मचारियों की सैलरी से पीएफ के पैसे काटा जा रहा है, लेकिन उसे जमा नहीं किया जा रहा है, आरटीआई में करोड़ों रुपए के हेर फेर का खुलासा हुआ है।

Updated: Nov 19, 2022, 08:38 AM IST

भोपाल। भोपाल नगर निगम द्वारा कर्मचारी भविष्य निधि में बड़ा घोटाला सामने आया है। निगम ने अपने ही विनियमित कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों में राशि ही जमा नहीं कराई है, जबकि इन कर्मचारियों के वेतन से कटौती होती रही। आरटीआई से मिली जानकारी में करोड़ों रुपए के हेर फेर का मामला सामने आया है।

आरटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक कर्मचारियों की भविष्य निधि जमा करने के बजाए निगम प्रशासन ने खुद ही उस रकम को खर्च कर दिया है। जानकारी के अनुसार नगर निगम ने सन 2017 में 1444 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को विनियमित किया था। इनके भविष्य निधि खाते भी खोले गए और वेतन से कटौती कर ईपीएफ राशि जमा कराई जानी शुरू की गई। तीन महीने तक तो राशि जमा भी की गई लेकिन इसके बाद राशि जमा करना बंद कर दी गई। तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के इन विनयमित कर्मचारियों को इसका पता भी नहीं चला। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक 2017 से 2020 के बीच 35 महीनों तक रकम जमा नहीं की गई। इस दौरान सात करोड़ रुपये की गड़बड़ी सामने आई। कर्मचारियों के खातों के बजाए ये राशि कहां गई, इसका जवाब देने को कोई तैयार नहीं हैं। मामला सामने आने के बाद नगर निगम विपक्ष हमलवार है। मामले को विपक्ष निगम परिषद की बैठक में उठाएगा। निगम की राजनीति इस मुद्दे पर गरमाएगी।