MP कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी कई नेताओं के साथ भाजपा में शामिल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में सुरेश पचौरी, धार के पूर्व सांसद गजेंद्र राजूखेड़ी, इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अर्जुन पलिया और भोपाल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।

Updated: Mar 09, 2024, 03:49 PM IST

भोपाल। लोकसभा चुनाव के पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। कांग्रेस के सीनियर नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ ही धार के पूर्व सांसद गजेंद्र राजूखेड़ी, इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अर्जुन पलिया और भोपाल कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा व अन्य की मौजूदगी में सभी ने शनिवार सुबह भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सूत्रों की मानें तो सुरेश पचौरी विधानसभा चुनाव से पहले से भाजपा नेताओं के संपर्क में थे। आखिरकार अब वे भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने 7 मार्च को ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपे अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा था कि 50 साल के अपने सियासी करियर में मैंने ईमानदारी से काम किया लेकिन अब पार्टी अपने उद्देश्य से भटक चुकी है। 

पचौरी की गिनती मध्य प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं में होती रही है। वे कांग्रेस की सरकार में कई मंत्रालयों के केंद्रीय राज्य मंत्री की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और लगातार चार बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। हालांकि, वे अपने जीवनकाल में कभी कोई चुनाव नहीं जीते।

और पढ़े:भोपाल: वल्लभ भवन में लगी आग पर चार घंटे बाद पाया गया काबू, कांग्रेस ने लगाए साजिश के आरोप

पचौरी ने सन 1972 में भारतीय युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के रूप में राजनीति में प्रवेश किया, और फिर 1981-83 के समय मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव रहे। 1984-85 में वह युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव का कार्यभार भी संभाला। साल 1984 में कांग्रेस पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा एवं उसके बाद 1990, 1996 और 2002 में भी वह राज्यसभा गए। यानी लगातार 24 साल वह राज्यसभा के सदस्य रहे।

सुरेश पचौरी को 1995-96 में रक्षा मंत्रालय में राज्यमंत्री का पद दिया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने राज्य मंत्री के रूप में मंत्रालय के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन और संसदीय कार्य मंत्रालय में भी 24 मई 2004 से 6 अप्रैल 2008 तक सेवाएं दी। वह 2008 से 2011 के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वह कांग्रेस सेवादल के भी अध्यक्ष रह चुके हैं।

वहीं, गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी धार से सांसद रहे हैं। वे विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के कारण पार्टी से नाराज चल रहे थे। चूंकि, धार जिले में कांग्रेस बेहद मजबूत स्थिति में है। ऐसे में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने वहां पार्टी को डैमेज देने की कोशिश की है।

इसके अलावा इंदौर 1 से विधायक रहे संजय शुक्ला भी भाजपा में शामिल हुए। शुक्ला सुरेश पचौरी के समर्थक माने जाते हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में उनके विरुद्ध कैलाश विजयवर्गीय मैदान में थे और शुक्ला की हार हुई थी। शनिवार को संजय शुक्ला को भाजपा का दुपट्‌टा पहनाते वक्त मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि साले, तेरी गाली सुनी और तेरे को लेना पड़ा रहा है। यह सुनकर संजय मुस्कुराते दिखे।

संजय शुक्ला का इंदौर कांग्रेस के सबसे अमीर पूर्व विधायक हैं। उनकी संपत्ति 200 करोड़ से भी ज्यादा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 2023 का विधानसभा चुनाव कैलाश विजयवर्गीय से हारने के बाद जिला प्रशासन ने शुक्ला के खिलाफ पुराने मामले में अवैध खनन को लेकर 140 करोड़ रुपए की रिकवरी की फाइल बनाई थी। इसके बाद से ही शुक्ला बेहद दबाव में आ गए थे। आखिरकार वे भाजपा में शामिल हो गए।