PM कॉम्प्रोमाइज्ड हैं, हमें संसद में बोलने से रोका गया, स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि हम जब भी बोलने को होते हैं हमे रोका-टोका जाता है। उन्होंने कहा कि यह चर्चा लोकतंत्र और स्पीकर की भूमिका पर है। कई मौकों पर मेरा नाम लिया गया। हर समय हमें बोलने से रोका गया।

Updated: Mar 11, 2026, 03:51 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। उन्होंने कहा कि हम जब भी बोलने को होते हैं हमे रोका-टोका जाता है। उन्होंने कहा कि यह चर्चा लोकतंत्र और स्पीकर की भूमिका पर है। कई मौकों पर मेरा नाम लिया गया। हर समय हमें बोलने से रोका गया।

राहुल गांधी ने कहा कि आखिरी बार बोलते हुए मैंने प्रधानमंत्री की ओर से कॉम्प्रोमाइज का मुद्दा उठाया था। सदन देश का प्रतिनिधित्व करता है। पहली बार विपक्ष के नेता को नहीं बोलने दिया गया। पीएम कॉम्प्रोमाइज्ड हैं। राहुल गांधी ने कहा, 'यह सदन देश की जनता की अभिव्यक्ति के लिए है। यह एक पार्टी का नहीं है, यह पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। हम जब भी बोलने के लिए खड़े होते हैं तो हमें रोका जाता है। हमारे प्रधानमंत्री ने समझौता कर लिया है। सब यह जानते हैं।’

इस दौरान कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि नेता विपक्ष पार्लियामेंट्री सिस्टम का हिस्सा हैं। जब वह खड़े होते हैं, जब वह बोलते हैं तो उन्हें सुना जाता है। लेकिन वह जब भी खड़े होते हैं तो उनका माइक बंद कर दिया जाता है। ऐसे कैसे हो सकता है। LoP को एपस्टीन फाइल्स पर नहीं बोलने दिया गया, इंडिया-यूएस ट्रेड पर नहीं बोलने दिया गया। सरकार ने सरेंडर क्यों किया है। अमेरिका कहता है कि भारत रूस से 30 दिन तक पेट्रोल ले सकता है… क्या है सरेंडर करना नहीं है। भारत के पीएम उनसे आदेश क्यों ले रहे हैं।

वेणुगोपाल ने आगे कहा कि देश के पीएम सदन में क्यों नहीं है। वे स्पीकर के अविश्वास प्रस्ताव पर बोलने के लिए क्यों नहीं आए हैं। हमारे पीएम नेहरू हमेशा सदन में मौजूद रहते थे। आज पीएम मोदी कहां है। इस दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि 11 फरवरी को विपक्ष के सांसद जिनमें प्रियंका-वेणुगोपाल भी शामिल थे, स्पीकर के चैंबर में घुसे थे। अब तक हमने इसका सीसीटीवी जारी नहीं किया है। लेकिन वेणुगोपाल जी झूठ बोलेंगे तो सीसीटीवी जारी होगा। यह मोशन स्पीकर के खिलाफ नहीं, पार्लियामेंट के खिलाफ है।