चुनावी साल में बीजेपी को लग रहे जोरदार झटके, अब नीमच के कद्दावर नेता समंदर पटेल थामेंगे कांग्रेस का दामन

2018 विधानसभा चुनाव में जावद से कांग्रेस को हार मिली थी। कांग्रेस जावद सीट करीब 4 हजार वोटों से हारी थी। जबकि समंदर पटेल को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर 33 हजार के करीब वोट मिले थे।

Updated: Aug 11, 2023, 02:35 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पार्टी से रूठ कर कांग्रेस में जाने वाले नेताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीजेपी का अब एक और बड़ा झटका लगने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य समंदर पटेल कांग्रेस में शामिल होंगे।

समंदर पटेल नीमच जिले के कद्दावर नेता माने जाते हैं। साल 2018 में उन्होंने जावद विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय पर्चा भरा और 33 हजार वोट प्राप्त की थी। वे सिंधिया के करीबी माने जाते थे। साल 2018 में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर उन्होंने बगावत कर दी थी। समंदर पटेल के बागी होने के कारण कांग्रेस को 2018 में जावद से हार मिली थी।

यह भी पढ़ें: सिंधिया समर्थकों की भाजपा में नहीं हो रही पूछ-परख, रघुराज धाकड़ की हुई कांग्रेस में घर वापसी

कांग्रेस जावद सीट करीब 4 हजार वोटों से हारी थी। समंदर पटेल को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर 33 हजार के करीब वोट मिले थे। बताया जा रहा है कि अगले 18 अगस्त को समंदर पटेल कांग्रेस में शामिल होंगे। उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद जावद से बीजेपी और कांग्रेस का राजनीतिक समीकरण बदलेगा।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक के बाद एक भाजपा के कद्दावर नेता पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। पिछले दो महीनों में बीजेपी को कई बड़े झटके लगे हैं। गुरुवार को ही सिंधिया समर्थक रघुराज सिंह धाकड़ कांग्रेस में शामिल हुए हैं। धाकड़ ने कहा कि भाजपा में सिंधिया समर्थकों की कोई पूछ नहीं है। इससे पहले दीपक जोशी, ध्रुव प्रताप सिंह जैसे दिग्गज भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं।