सीएम शिवराज ने कर्नाटक में जिन 8 सीटों पर प्रचार किया उनमें से 6 सीटें हार गई बीजेपी: कमलनाथ

कर्नाटक में प्रचंड जीत के बाद भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे कमलनाथ, कहा- भाजपा का मध्य प्रदेश में भी कुछ इसी तरह का हाल होने वाला है।

Updated: May 13, 2023, 07:35 PM IST

भोपाल। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रचंड जीत दर्ज की है। कर्नाटक चुनाव नतीजों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस में भी जश्न का माहौल है। राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। खुशी के इस मौके पर पूर्व सीएम कमलनाथ भी भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का मध्य प्रदेश में भी कुछ इसी तरह का हाल होने वाला है।

कमलनाथ ने इस दौरान कहा कि, 'बजरंग बली और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की कर्नाटक में जीत हुई है।कर्नाटक बुद्धिजीवियों का हब है। जितनी सीटें कांग्रेस को मिली उसकी आधी सीट भी बीजेपी को नहीं मिली। मोदी जी ने पूरा ज़ोर लगा लिया, रोड शो किया, नुक्कड़ सभा की। दक्षिण भारत ने उत्तर भारत को दिशा दिखाई है। कर्नाटक के बाद अब मध्य प्रदेश में बजरंगबली का आशीर्वाद हमें मिलेगा।' कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने कर्नाटक में जिन 8 सीटों पर प्रचार किया, 6 सीटों पर भाजपा हार गई।

दरअसल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक के विधानसभा चुनाव आठ सीटों पर प्रचार किया वहां छः जगह भाजपा हारी है। इनमें से 2 सीटों पर तो भाजपा तीसरे नंबर पर रही।शिवराज सिंह ने मधुगिरी और चल्लेकेरे विधानसभाओं में जमकर प्रचार किया था। लेकिन दोनों विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे। चौहान चुनाव प्रचार के लिए बेल्लारी भी गए थे, जहां बेल्लारी ग्रामीण और बेल्लारी शहर की दोनों सीट कांग्रेस प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। इसके अलावा रामदुर्गा सीट पर भी शिवराज सिंह ने भाजपा का प्रचार किया यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली है।