BJP विधायक गोपाल भार्गव आज लेंगे प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ, राजभवन में आयोजित होगा कार्यक्रम

राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल गोपाल भार्गव को सुबह 11 बजे प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद संसदीय कार्य विभाग विधानसभा सत्र बुलाने के लिए विधानसभा सचिवालय को पत्र लिखेगा।

Updated: Dec 14, 2023, 09:47 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के नौ बार के विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल भार्गव गुरुवार को प्रोटेम स्पीकर की शपथ लेंगे। राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल गोपाल भार्गव को सुबह 11 बजे प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद संसदीय कार्य विभाग विधानसभा सत्र बुलाने के लिए विधानसभा सचिवालय को पत्र लिखेगा। सत्र की अवधि और तारीख तय करने के लिए विधानसभा सचिवालय राज्यपाल सचिवालय को प्रस्ताव भेजेगा। जहां से अनुमति के बाद सत्र की अधिसूचना जारी की जाएगी।

प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव सभी विधायकों को 16 वीं विधानसभा की सदस्यता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद ही विधायकों को सदन की कार्रवाई में भाग लेने की पात्रता होगी। इसके बाद सत्ता पक्ष स्पीकर के चयन का प्रस्ताव सदन में रखेगा। स्पीकर के चयन के बाद प्रोटेम स्पीकर की भूमिका स्वत: समाप्त हो जाएगी। भाजपा ने मुरैना जिले की दिमनी से चुने गए विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा स्पीकर बनाने का निर्णय लिया है।

मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को शपथ ले ली है। इसके बाद अब प्रदेश में मंत्री मंडल के विस्तार को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। हालांकि, अभी तक मंत्री मंडल विस्तार को लेकर कोई बड़ा अपडेट नहीं आया है। सूत्र बता रहे हैं कि कैबिनेट को लेकर दिल्ली में मंथन जारी है। किसे मंत्रीपद दिया जाए ये भी हाईकमान को ही तय करना है। माना जा रहा है कि इस बार अधिकांश नए चेहरों को मौका मिल सकता है।