शाजापुर में श्रीराम फेरी पर पथराव का मामला, प्रशासन के आरोपी के घर चलाया बुलडोजर

शाजापुर के मगरिया इलाके में 8 जनवरी को हिंदूवादी संगठन कीर्तन करते हुए अक्षत बांट रहे थे। जैसे ही उनकी रैली मगरिया के मोती मस्जिद क्षेत्र में पहुंची तो यहां चौराहे पर उनका कुछ युवाओं से विवाद हो गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई।

Updated: Jan 11, 2024, 05:15 PM IST

शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर में श्रीराम फेरी (अक्षत यात्रा) पर पथराव मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने मुख्य आरोपी रहीम पटेल के घर बुलडोजर चलाया है। आरोपी का घर मोती मस्जिद इलाके में है और यह अभी निर्माणाधीन हालत में है। इस घर के अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। इस कार्रवाई के बीच मौके पर भारी पुलिसबल तैनात, राजस्व विभाग, नगर पालिका के आलाधिकारी मौजूद हैं।

बता दें कि शाजापुर में सोमवार रात को सांयकालीन फेरी के दौरान राम श्याम यात्रा पर पथराव हुआ था। 
यह घटना 8 जनवरी की शाम को घटी जब शाजापुर में हिंदूवादी संगठन अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के लिए अक्षत बांटने निकले थे। उनकी रैली जगह-जगह जा रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। इस पथराव की खबर शहर में आग की तरह फैली और इसके बाद देखते ही देखते शहर में तनाव फैल गया।

जानकारी के मुताबिक युवाओं की टोली शाम के वक्त शहर के मगरिया इलाके में कीर्तन करते हुए अक्षत बांटने का काम कर रही थी। इसी दौरान जब यह रैली मगरिया के मोती मस्जिद क्षेत्र में पहुंची तो यहां चौराहा पर इन युवाओं का कुछ लोगों से विवाद हो गया। फिर नारेबाजी से शुरू हुआ यह विवाद पथराव में तब्दील हो गया। राम कीर्तन यात्रा में विवाद को लेकर कोतवाली पुलिस ने 24 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी और 9 लोगों को गिरफ्तार भी किया। अब प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी का घर ध्वस्त कर दिया है।