नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन पत्र, JDU ऑफिस में कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़
बिहार में महाराष्ट्र मॉडल बीजेपी ने लागू किया है। भाजपा ने नीतीश कुमार को इतना टॉर्चर किया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ रहा है। बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टी को खत्म कर देती है: तेजस्वी यादव
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा के लिए नामांकन फॉर्म भरा। सीएम नीतीश के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
इधर, सीएम नीतीश के राज्यसभा के लिए नामांकन की खबरों की बीच जदयू कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय और सीएम हाउस के बाहर उमड़े हुए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि, नीतीश कुमार बिहार के हैं। उन्हें कहीं नहीं जाने देंगे। हम अपनी जान दे देंगे। CM हाउस के बाहर कार्यकर्ता रो रहे हैं। उधर, कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय में तोड़फोड़ भी किया। कार्यकर्ताओं का गुस्सा देखते हुए JDU ऑफिस का गेट बंद कर दिया गया है।
इतना ही नहीं जेडीयू कार्यकर्ताओं ने CM हाउस जा रहे बीजेपी कोटे के मंत्री सुरेंद्र मेहता, JDU MLC संजय गांधी और JDU विधायक प्रेम मुखिया को भगा दिया। नीतीश के राज्यसभा जाने से नाराज JDU कार्यकर्ता प्रदेशभर में विरोध कर रहे हैं। बेगूसराय, नालंदा समेत कई जिलों में नीतीश के राज्यसभा जाने के विरोध में कार्यकर्ता सड़कों पर दिखे।
उधर, RJD ने इसे बिहार की जनता के साथ धोखा करार दिया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी जब-जब जिस पार्टी के साथ रही है उसने अपने साथी को खत्म किया है। बीजेपी RSS का एजेंडा लागू करना चाहती है। चुनाव में इन्होंने इलेक्शन कमीशन को अपना सेल बनाया था। नीतीश जी के साथ जो हो रहा है उसे लेकर हमारी पूरी सहानुभूति है। हम लोग साथ होते तो नीतीश जी को ये दिन नहीं देखना पड़ता। नीतीश जी सेहतमंद रहें। उन्होंने बिहार के लिए जो काम किया है उसके लिए हम धन्यवाद देते हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। पप्पू यादव ने एक्स पोस्ट में JAP सुप्रीमो जीतन राम मांझी, LJP चीफ चिराग पासवान, RJD सुप्रीमो लालू यादव और रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा से अपील करते हुए कहा कि बिहार को BJP का चरागाह न बनने दें। एकमत से निशांत जी को बिना शर्तसमर्थन देकर बिहार का मुख्यमंत्री बना दें। BJP के लिए बिहार का दरवाजा बंद कर दें। भविष्य की राजनीति आपस में फरिया लेंगे। इतिहास में अमर हो जाओगे। बिहारी स्वाभिमान का प्रतीक बन जाओगे।




