छिंदवाड़ा: पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

छिंदवाड़ा के गणेश कॉलोनी में भाजपा के वरिष्ठ नेता और दो बार नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके कन्हईराम रघुवंशी ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

Updated: Dec 13, 2024, 05:03 PM IST

छिंदवाड़ा| गणेश कॉलोनी में भाजपा के वरिष्ठ नेता और दो बार नगर पालिका अध्यक्ष रह चुके कन्हईराम रघुवंशी ने शुक्रवार सुबह अपने निवास स्थान पर लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना लगभग सुबह 10:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि रघुवंशी ने अपने घर में ऊपर वाले कमरे में दरवाजा बंद कर यह कदम उठाया है।

घटना के समय उनके परिजन घर के नीचे वाले कमरों में मौजूद थे। जब गोली चलने की आवाज आई, तो उनके बड़े बेटे राकेश रघुवंशी ने ऊपर जाकर दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा तो कन्हईराम का शव खून से लथपथ हालत में पाया। राकेश ने बताया कि घटना से पहले वह हमेशा की तरह सुबह की सैर पर गए थे और कुछ भी असामान्य नहीं लगा।

सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एडिशनल एसपी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जो नागपुर के एक डॉक्टर के पर्चे पर लिखा गया था। नोट में उन्होंने लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है और उन्होंने यह कदम अपनी मर्जी से उठाया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक कन्हईराम रघुवंशी बीते कुछ दिनों से बीमारी के कारण मानसिक रूप से परेशान थे। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

यह भी पढे़ं: ग्वालियर में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने किया सुसाइड, फेक डॉक्यूमेंट मामले में FIR दर्ज होने से थे परेशान

कन्हईराम रघुवंशी भाजपा के एक अनुभवी नेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत सरपंच पद से की थी। इसके बाद वे दो बार भाजपा के जिला अध्यक्ष और दो बार छिंदवाड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके थे। हाल ही में उन्हें मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इस घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और अन्य परिचित घटनास्थल पर पहुंचे। रघुवंशी के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई है। उनके असामयिक निधन से भाजपा में शोक की लहर है।