मंडला में भारत जोड़ो अभियान के आंचलिक सम्मेलन का आयोजन, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी रहे मौजूद

भारत जोड़ो अभियान के आंचलिक सम्मेलन में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अमृता राय और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित

Updated: Jun 26, 2023, 06:26 PM IST

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के बिछिया में सोमवार को भारत जोड़ो अभियान के आंचलिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। महाकौशल अंचल के इस सम्मेलन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अमृता राय, दिल्ली के पूर्व सांसद संदीप दीक्षित समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जानकारी के मुताबिक बिछिया के इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य तौर पर आदिवासी, जल जंगल जमीन, नक्सली संदर्भ, महिला नेतृत्व की समस्याएं और चुनौतियां, पंचायती राज मूद्दें और राजस्व विभाग की जटिल समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत तमाम लोगों ने इन मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। 

खास बात ये है कि भारी बारिश के बावजूद तमाम लोग वहां डटे रहे और कार्यक्रम भी चलता रहा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस दौरान महाकौशल अंचल के लोगों की समस्याओं को समझा और उसके निवारण की दिशा में यथासंभव मदद करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम में मंडला, डिंडोरी, उमरिया, अनूपपुर और बालाघाट जिले के सामाजिक कार्यकर्ता, पंचायती राज के जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में प्रबुद्ध और संवेदनशील नागरिक उपस्थित थे।

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समापन के बाद अब देशभर में सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भारत जोड़ो अभियान के अगले चरण को लेकर विचार मंथन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडला के बिछिया में आंचलिक सम्मेलन का आयोजन किया गया था। भारत जोड़ो अभियान का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थानों एवं परम्पराओं को बचाने एवं सुदृढ करने के लिए प्रतिबद्ध नागरिक समाज स्थापित करना है। 

पिछले महीने राजधानी भोपाल स्थित गांधी भवन में इस अभियान को लेकर राज्यस्तरीय सम्मेलन बुलाई गई थी। इस कार्यक्रम में पीसीसी चीफ कमलनाथ, स्वराज इंडिया के फाउंडर योगेंद्र यादव, शिक्षाविद अनिल सदगोपाल, पत्रकार अमृता राय, सामाजिक कार्यकर्ता अमूल्य निधि समेत देश के 25 सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।