कर्नाटक फतह के बाद कांग्रेस का बड़ा दावा, मध्य प्रदेश में 60 से 75 सीटों पर सिमट जाएगी बीजेपी

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपने इंटरनल सर्वे रिपोर्ट के आधार पर दावा किया है कि भाजपा 60 से 65 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी, जबकि कांग्रेस प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

Updated: May 29, 2023, 12:39 PM IST

भोपाल। कर्नाटक फतह के बाद कांग्रेस उत्साहित नजर आ रही है। कांग्रेस का फोकस अब मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर है। कांग्रेस के तमाम नेता दावा कर रहे हैं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस कर्नाटक से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी। इसी बीच कांग्रेस ने अपने इंटरनल सर्वे के आधार पर दावा किया है कि मध्य प्रदेश में बीजेपी 60 से 65 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी।

दरअसल, कांग्रेस ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ग्राउंड सर्वे कराया है। इसी सर्वे का हवाला देते हुए कांग्रेस ने दावा किया है कि, इस बार फिर मध्य प्रदेश में परिवर्तन होगा और एक बार फिर कांग्रेस पार्टी सरकार बनाएगी। वहीं, दावा ये भी किया गया है कि, भारतीय जनता पार्टी को इस बार सिर्फ 60 से 75 के बीच ही सीटें मिलेंगी।

यह भी पढ़ें: महाकाल के नाम पर भी भाजपा पैसे खा गई, शिवराज सरकार पर बरसे दिग्विजय सिंह

कांग्रेस की ओर से ये दावा मध्य प्रदेश के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से किया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस की ओर से किये गए ट्वीट में लिखा है कि, 'कर्नाटक चुनाव के बाद का सर्वे, मध्य प्रदेश में बीजेपी को 60 से 75 के बीच सीटें मिलेगी। सर्वे में 16779 लोगों ने अपना मत दिया है। शिवराज जा रहे हैं, कमलनाथ आ रहे हैं।'

बता दें कि, मध्य प्रदेश में साल के अंत तक अनुमानित नवबंर माह में विधानसभा चुनाव होना हैं, जिसे लेकर प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी और विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने कमर कस ली है। दोनों राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी चुनावी रणनीतियों पर काम करना शुरु कर दिया है। चुनाव से पहले दोनों ही दलों ने विधानसभावार सर्वे भी कराए हैं। बीते दिनों संघ का सर्वे रिपोर्ट मीडिया में लीक हुई थी, जिसमें कहा गया था कि भाजपा 90 सीटों के आसपास सिमट जाएगी।