आज कांग्रेस का मध्य प्रदेश बंद, पेट्रोल-डीज़ल की महंगाई का विरोध

भोपाल में कांग्रेस के प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह ख़ुद रहेंगे मौजूद, 12 दिन से लगातार बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीज़ल के दाम, रसोई गैस की क़ीमतें भी छू रही हैं आसमान

Updated: Feb 20, 2021, 03:34 AM IST

Photo Courtesy : ABP News
Photo Courtesy : ABP News

भोपाल। देश भर में पेट्रोल डीज़ल के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। आज लगातार 12 वें दिन पेट्रोल डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। मध्य प्रदेश में साधारण पेट्रोल भी अब सौ रुपये लीटर बिक रहा है। महंगाई की इस मार के खिलाफ कांग्रेस ने आज मध्य प्रदेश बंद का एलान किया है। भोपाल में आज ख़ुद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आगे बढ़कर कांग्रेस के इस बंद में मौजूद रहने का एलान किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी लोगों से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने ट्विटर के ज़रिए अपील करते हुए कहा है, “आज 2 बजे तक मध्यप्रदेश बंद। डीज़ल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती क़ीमतों से सब परेशान है। सरकार जनता को राहत पहुँचाने के बजाय टैक्स वसूली में लगी है। कांग्रेस पार्टी ने आज 20 फ़रवरी को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। मैं सबसे अपील करता हूँ कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगायें।”

 

 

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी कमल नाथ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि वे इस बंद का समर्थन करने के लिए भोपाल में शामिल होंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि सभी लोगों को महंगाई की मार के विरोध में सड़क पर आ कर बंद का समर्थन करना चाहिए।' 

कांग्रेस ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें समझाया गया है कि देश में पेट्रोल-डीज़ल के दाम ज्यादा क्यों हो गए हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमतें आज डॉक्टर मनमोहन सिंह के कार्यकाल के मुकाबले काफी कम हैं। 

 

 

देश भर में पेट्रोल-डीज़ल के साथ ही साथ रसोई गैस के दाम भी आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल और डीज़ल के बढ़ते दामों की सबसे ज्यादा मार मध्य प्रदेश की जनता को झेलनी पड़ रही है। क्योंकि मध्य प्रदेश पेट्रोल-डीज़ल पर सबसे ज़्यादा वैट वसूलने वाले राज्यों में शामिल है। प्रदेश के अनूपपुर में तो साधारण पेट्रोल भी सौ रुपए से ज़्यादा में मिल रहा है।