Indore: अंतिम संस्कार के इंतजार में कंकाल बना शव

संवेदनाओं की मौत: एमवाय अस्पताल में स्ट्रेचर पर पड़ा रहा शव,बदबू फैलने के बाद भी किसी ने नहीं दिया ध्यान, अधीक्षक ने कहा मर्चुरी में फ्रीजर कम

Updated: Sep 16, 2020, 05:57 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

इंदौर। मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर शहर में मानवता को शर्मसार कर देने का मामला सामने आय़ा है। शहर के एमवाय अस्पताल की मर्चुरी के स्ट्रेचर में 30 दिन से एक लावारिश लाश रखी हुई थी। जिसे ना तो मर्चुरी के फ्रीजर में रखा गया और ना ही उसका अंतिम संस्कार किया गया। लावारिस की लाश स्ट्रेचर पर रखे हुए ही कंकाल में तब्दील हो गई।

अस्पताल में बदबू फैलने के बाद भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। जिसके बाद जिम्मेदारों ने तुरंत उस शव को वहां से हटवा दिया।

इस मामले में एमवाय अस्पताल के अधीक्षक ने मर्चुरी में फ्रीजर कम होने की दुहाई दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल की मर्चुरी में 16 फ्रीजर हैं, लेकिन कई बार एक दिन में ही ज्यादा मौत के मामले आने पर शवों को स्ट्रेचर पर रखने की नौबत आ जाती है। अधीक्षक का कहना है कि इस शव के बारे में अस्पताल के केज्युअल्टी इंचार्ज को नोटिस जारी किया गया है। यह जांच में साफ होगा कि इसके अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम को कॉल किया था या नहीं। मामले के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

एमवाय अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार किसी भी अज्ञात शव को एक सप्ताह तक रखा जाता है। जिससे उसकी पहचान हो सके। वहीं किसी के नहीं आने पर शव के अंतिम संस्कार के लिए नगर निगम को सूचना दी जाती है।यह लाश किसी अज्ञात व्यक्ति की थी। महीने भर पहले मौत हो जाने के बाद भी उसकी पहचान करने के लिए कोई नहीं आया। अब एमवाय अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से यह लाश कंकाल बन चुकी है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इनदिनों कोरोना की वजह से अस्पताल प्रबंधन किसी भी अज्ञात शव का अंतिम संस्कार करने से बचता नजर आता है। इसी कारण इस लावारिश शव की यह बदहाली स्थिती सामने आई है।